रायपुर – छत्तीसगढ़ में घरेलू एलपीजी गैस, डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि राज्य में इनकी पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति बनी हुई है। राजधानी रायपुर स्थित महानदी भवन में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना कंगाले ने ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की।बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राज्य में संचालित पांच एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति जारी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि एलपीजी गैस की दैनिक आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र में उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि वर्तमान में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को की जा रही है। इस पर सचिव रीना कंगाले ने निर्देश दिया कि परीक्षाओं के चलते स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों में गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही होटल और अन्य जरूरी प्रतिष्ठानों के लिए सीमित स्तर पर करीब 15 प्रतिशत कमर्शियल गैस आपूर्ति देने के विकल्प पर भी विचार करने को कहा गया।
अवैध रिफिलिंग पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
बैठक में जिलों में एलपीजी गैस के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कर कालाबाजारी और अनियमितताओं पर रोक लगाई जाए।
पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की भी पर्याप्त उपलब्धता
समीक्षा के दौरान राज्य में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी गैस की उपलब्धता की भी जानकारी ली गई। ऑयल कंपनियों ने बताया कि प्रदेश के तीनों पेट्रोल-डीजल डिपो में पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। अधिकारियों को इनकी वितरण व्यवस्था पर भी नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शिकायत के लिए जारी किया टोल फ्री नंबर
सरकार ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि प्रदेश में एलपीजी गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की किसी प्रकार की कमी नहीं है। आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क कर सकते हैं।






