होली पर निकलने वाले विश्व प्रसिद्ध लाट साहब जुलूस को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर है. 24 संवेदनशील स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां पैरामिलिट्री के जवान रहेंगे. इसके अलावा, सुचारू व्यवस्था के लिए 100 मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है.
शाहजहांपुर – उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में लाट साहब के चर्चित जुलूस की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं. पुलिस विभाग ने शांति भंग की आशंका में लगभग 3000 से अधिक लोगों को पाबंद किया गया है. लाट साहब के चर्चित जुलूस की तैयारियों को प्रशासन और पुलिस के स्तर पर अंतिम रूप दिया जा रहा है. पहली बार 24 ऐसे स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां पैरामिलिट्री के जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी. इससे पहले सिर्फ जुलूस के साथ ही यह जवान चलते थे.
जिले में तीन हजार से अधिक ऐसे लोगों को पुलिस ने अब तक पाबंद कर दिया है, जिनसे शांतिभंग होने की आशंका है. तमाम अन्य लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है. एसपी ने अपने कार्यालय में बड़े और छोटे लाट साहब के रूट चार्ट बनवाकर लगवाए हैं. विश्व प्रसिद्ध इस होली में किन स्थानों पर कितने सुरक्षाकर्मी और अन्य इंतजाम किए जाएंगे इसको लेकर नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी स्तर पर चूक न रहे.
30 प्रतिशत ज्यादा फोर्स की तैनाती
बरेली जोन के अधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री और डीजीपी कार्यालय से भी होली पर निकलने वाले जुलूस की समीक्षा की जा रही है. पिछले सालों के मुकाबले इस बार 30 प्रतिशत फोर्स अधिक लगाया जा रहा है. यातायात निदेशालय व जन सहयोग से बैरियर भी जुटाए जा रहे हैं, जो उन स्थानों पर रखवाए जाएंगे, जहां से जरूरत पड़ने पर आवागमन को तत्काल बंद और शुरू कराया जा सके. इसके अलावा जुलूस मार्ग पर जिन चौकी इंचार्जों की ड्यूटी रहेगी उनके पास लाउड हेलर भी रहेंगे, ताकि भीड़ तक अपनी बात को आसानी से पहुंचाई जा सके.






