गरियाबंद में शिक्षा विभाग का फिर एक नया कारनामा, परीक्षा दिलाने पहुंचे छात्र मायुस लौटे,25 फरवरी को वार्षिक का प्रथम पेपर दे चुके बच्चो को आज दूसरे पेपर के दिन कहा परीक्षा एक माह के लिए रद्द
जिला शिक्षा अधिकारी और बदहाल सिस्टम की शिकायत शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव से किया जाएगा,कांग्रेस ने कहा परीक्षा के नाम पर बच्चो के साथ मजाक कर रही है भाजपा सरकार
गरियाबंद – गरियाबंद जिले मे शिक्षा विभाग का फिर एक नया चौकाने वाला कारनामा सामने आया है जिससे हजारो छात्र छात्राओं सहित पालको मे भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है तो इस मामले को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा सरकार को बदनाम करने शिक्षा विभाग के अधिकारियों की इसे करतूत बताते हुए शिकायत करने की बात कही गई है तो दूसरी ओर कांग्रेस ने कहा वार्षिक परीक्षा के नाम पर भाजपा सरकार बच्चो के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है इसके लिए शिक्षा मंत्री जिम्मेदार है।
स्थानीय कक्षा 9 वीं एवं 11 वीं वार्षिक परीक्षा के नाम पर गरियाबंद जिले मे चौकाने वाला मामला सामने आया है गरियाबंद जिले के आदिवासी विकासखंड मैनपुर क्षेत्र मे कक्षा 9वीं एवं 11वीं की वार्षिक परीक्षा आज से तीन दिन पहले 25 फरवरी 2026 से शुरू हो गया है और इसके लिए बकायदा समय सारणी भी एक पखवाड़ा पहले जारी किया गया तथा 25 फरवरी से लेकर 16 मार्च 2026 तक 9वीं और 11 वीं की परीक्षा संचालित किया जा रहा है 25 फरवरी को हजारो छात्र छात्राओं ने प्रथम पेपर स्कूल मे पहुंचकर दिलाया भी और आज 27 फरवरी को दूसरा पेपर दिलाने दूर दूर से बच्चे दोपहर 12 बजे स्कूल पहुंचे तो उनके होश उड़ गए छात्रो को बताया गया कि 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षा रद्द कर दी गई है और अब वार्षिक परीक्षा अगले माह 25 मार्च से प्रारंभ किया जायेगा स्कूल परीक्षा दिलाने पहुंचे छात्रो को जैसे ही परीक्षा रद्द होने की जानकारी लगी मायूस होकर लौटे। इस दौरान छात्र छात्राओं ने बताया वार्षिक परीक्षा के कारण उनके द्वारा दिन रात पढाई किया जा रहा था एक पेपर हो भी चुका है लेकिन क्यों परीक्षा रद्द कर दिया गया समझ से परे है।
बच्चो से परीक्षा शुल्क भी लिया गया है – वार्षिक परीक्षा दिलाने पहुंचे कक्षा 9वीं और 11वीं के छात्र छात्राओ ने बताया कि उनके द्वारा परीक्षा शुल्क भी जमा किया गया है और एकाएक परीक्षा स्थगित कर देने से उन्हे बहुत मायूसी हुई है क्योंकि सालभर की वार्षिक परीक्षा का ही छात्रो को इंतजार रहता है।
लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ द्वारा मार्च मे ही परीक्षा लेने का दिया था निर्देश – लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ प्रथम तल सी खंड इन्द्रावती भवन नया रायपुर अटल नगर पत्र क्रमांक 123 दिनांक 04.02.2026 को ही समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर परीक्षा तिथि के संबंध मे स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि दिनांक 25.03.2026 से 10.04.2026 तक वार्षिक परीक्षा संपन्न कराया जाये समय सारणी जिला शिक्षा अधिकारी से जारी करने का निर्देश दिया गया था बावजूद इसके गरियाबंद जिले मे शिक्षा विभाग द्वारा जो लापरवाही सामने आई है छत्तीसगढ लोक शिक्षण संचालनालय के आदेशो को दरकिनार कर जिला शिक्षा अधिकारी गरियाबंद द्वारा मनमानी करते हुए एक माह पहले 25 फरवरी 2026 से 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षा जिले मे प्रारंभ करवा दिया गया साथ ही प्रदेश स्तर के कार्यालय के निर्देशो का खुलेआम धज्जियां उडाई गई जिसका खामियाजा वार्षिक परीक्षा का एक पेपर संपन्न होने के बाद आज दूसरा पेपर के साथ वार्षिक परीक्षा को निरस्त करना पड़ा छात्र छात्राओं को अतिरिक्त मानसिक दबाव का सामना करना पड़ा इस मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अफसरो पर कार्यवाही होना चाहिए।
भाजपा नेताओ ने कहा लापरवाह अफसरों पर कार्यवाही की मांग करेंगे – भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरलीधर सिंन्हा ,गरियाबंद जिला के पूर्व महामंत्री योगेश शर्मा ने कहा जब लोक शिक्षण संस्थान छत्तीसगढ द्वारा 25 मार्च से स्थानीय स्तर का वार्षिक परीक्षा आयोजित करने का पहले ही निर्देश जारी कर दिया गया है तो जिले मे एक माह पहले वार्षिक परीक्षा 9वीं और 11 वीं का आयोजित करना जिला शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित विभाग द्वारा घोर लापरवाही है ऐसे लापरवाह अफसरों पर कार्यवाही मांग किया जाएगा,
भाजपा सरकार में बच्चों से वार्षिक परीक्षा के नाम पर मजाक किया जा रहा है- ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, कांग्रेस के जिला महामंत्री खेदू नेगी ने कहा भाजपा सरकार में छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है वार्षिक परीक्षा के नाम पर बच्चों को छला जा रहा है कांग्रेसियों ने कहा तत्काल इस मामले मे जिला शिक्षा अधिकारी पर कार्यवाही होना चाहिए और शिक्षा मंत्री को जिम्मेदारी लेना चाहिए।
क्या कहते है जिला शिक्षा अधिकारी
इस संबंध मे जानकारी लेने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी गरियाबंद जगजीतधीर से जब संपर्क किया गया तो उन्होने फोन रिसीव नही किया और मैसेज करते हुए कहा इस मामले मे मैनपुर बीईओ और बीआरसीसी से संपर्क कर लेवें।
मैनपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने झाड़ा पल्ला – इस संबंध मे मैनपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी महेश पटेल से संपर्क करने पर उन्होने कहा पूरा समय सारणी जिला स्तर से बना है हम तो जिला अधिकारियों के निर्देशो का पालन करते है।






