Home देश ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड में PM मोदी ने महाकुंभ से...

‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड में PM मोदी ने महाकुंभ से लेकर मासूम आलिन शेरिन को किया याद, कहा- प्राचीन ग्रंथों को संरक्षित कर रहा AI, दुनिया हुई हैरान

17
0

नई दिल्ली – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (22 फरवरी 2026) को ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए तकनीक, खेल, समाजसेवा, कृषि नवाचार, संस्कृति और युवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में भारत की बढ़ती भूमिका, टी20 विश्व कप में भारतीय मूल के खिलाड़ियों के योगदान पर बात की।

प्रधानमंत्री ने छात्रों को परीक्षा के समय धैर्य रखने और नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह भी दी। इसके अलावा पीएम मोदी ने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें जनसेवा और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बताया।

AI और नवाचार: तकनीक से बदलेगी खेती और पशुपालन की तस्वीर

प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में दिल्ली में आयोजित AI समिट का जिक्र करते हुए कहा कि इस आयोजन में दुनिया ने AI के क्षेत्र में भारत की मजबूत क्षमता को देखा। उन्होंने बताया कि एआई अब केवल बड़े उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों और पशुपालकों के लिए भी उपयोगी साबित हो रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि AI की मदद से पशुओं की बीमारियों की समय रहते पहचान, डेयरी प्रबंधन और उत्पादन की निगरानी संभव हो पाई है। इससे किसानों को 24 घंटे तकनीकी सहायता मिल रही है, जिससे उनकी आय बढ़ने के साथ-साथ देखभाल भी बेहतर हो रही है।

प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि भारतीय तकनीक ने विश्व नेताओं को काफी प्रभावित किया है, खासकर उन प्रयासों ने जिनके जरिए प्राचीन ग्रंथों और पारंपरिक ज्ञान को डिजिटल रूप में संरक्षित किया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि दुनिया के नेता यह देखकर हैरान रह गए कि एआई की मदद से हम प्राचीन ग्रंथों और ज्ञान को कैसे संरक्षित कर रहे हैं।

23 फरवरी को राष्ट्रपति भवन में ‘राजाजी उत्सव’ मनाया जाएगा। राष्ट्रपति भवन के केन्द्रीय प्रांगण में सी राजगोपालाचारी जी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

खेल, समाजसेवा और युवाओं के लिए प्रेरणा

पीएम मोदी ने टी20 विश्व कप में भारतीय मूल के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ये खिलाड़ी दुनिया भर में भारतीय प्रतिभा की पहचान मजबूत कर रहे हैं। कनाडा, अमेरिका, ओमान समेत कई देशों की टीमों में भारतीय जड़ों से जुड़े खिलाड़ी अपने खेल से नई मिसाल कायम कर रहे हैं।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने केरल की 10 महीने की बच्ची आलिन शेरिन अब्राहम के माता-पिता के साहसिक फैसले का उल्लेख किया, जिन्होंने गहरे दुख के बावजूद अंगदान का निर्णय लेकर कई जिंदगियों को नई उम्मीद दी। उन्होंने इसे मानवता की सच्ची मिसाल बताया।

छात्रों के लिए संदेश देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि परीक्षा जीवन का केवल एक पड़ाव है और किसी का मूल्य उसकी मार्कशीट से तय नहीं होता। आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली कुंजी है।

कार्यक्रम में पीएम ने केरल की प्राचीन मामंगम परंपरा का उल्लेख करते हुए इसे सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताया और कहा कि देश अपनी विरासत को फिर से पहचान रहा है। उन्होंने ओडिशा के युवा किसान हिरोद पटेल की नवाचारी खेती की प्रशंसा की, जिन्होंने बहु-स्तरीय कृषि मॉडल अपनाकर कम जमीन में अधिक उत्पादन और आय का रास्ता खोला।

केरल की आलिन को पीएम ने किया जिक्र

इस दौरान उन्‍होंने केरल की मासूम आलिन शेरिन अब्राहम का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ ही दिन पहले हमने केरल की एक मासूम आलिन शेरिन अब्राहम को खो दिया। महज 10 महीनों में वो इस दुनिया से चली गई, उसके पेरेंट्स जिस पीड़ा से गुजर रहे होंगे, उसे शब्दों से व्यक्त नहीं किया जा सकता है।

पीएम मोदी ने कहा कि इतने गहरे दर्द के बीच भी आलिन के पिता अरुण अब्राहम और माँ शेरिन ने अंगदान का फैसला लिया। उसने कई जिंदगियों को बचाया। इस एक फैसले से पता चलता है कि उनकी सोच कितनी बड़ी और व्यक्तित्व कितना विशाल है।आप इण्डिया