बीजापुर – जिले में माओवादी संगठन के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रभावी नक्सल विरोधी अभियानों के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन के दौरान आईईडी, विस्फोटक सामग्री तथा माओवादियों के अवैध स्मारकों को बरामद कर ध्वस्त किया गया।
थाना उसूर क्षेत्र अंतर्गत केरिपु 229वीं वाहिनी की टीम ने ताड़पाला बेस एरिया में सघन सर्चिंग के दौरान बेस के दक्षिण दिशा की ओर नाले के पास लगाए गए दो आईईडी बरामद किए। इनमें से एक आईईडी बियर बोतल में तथा एक बीजीएल में प्लांट किया गया था।

आगे की तलाशी के दौरान जमीन के भीतर डंप कर रखी गई बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री एवं अन्य माओवादी सामान भी सुरक्षा बलों ने बरामद किया। बरामद सामानों में 40 नग बीजीएल, 35 नग बीजीएल राउंड, 90 नग बैटरी, सात नग डायरेक्शनल आईईडी निर्माण हेतु लोहे की पाइप, कच्चा ग्रेनेड बनाने की सामग्री, लोहे की प्लेट एवं लेथ मशीन के पार्ट्स, आयरन कटर ब्लेड, प्लास्टिक ड्रम, स्टील ट्रंक, वाटर पंप, साबुन, डिटर्जेंट पाउडर, मैगजीन पाउच एवं अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है।
इसी क्रम में केरिपु 22वीं एवं 214वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने थाना भोपालपटनम क्षेत्र अंतर्गत कोंडापड़गु इलाके में एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग अभियान के दौरान जमीन में प्लांट किए गए चार बियर बोतल आईईडी बरामद किए। बरामद सभी आईईडी को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया।
इसके अतिरिक्त थाना उसूर क्षेत्र में केरिपु 229/ई द्वारा कमलापुर के जंगलों में तथा केरिपु 222 द्वारा थाना गंगालूर क्षेत्र के कोरचोली में निर्मित अवैध माओवादी स्मारकों को ध्वस्त किया गया। जिले में माओवादी संगठन के विरुद्ध सुरक्षाबलों की कार्रवाई लगातार जारी है।






