Home छत्तीसगढ़ फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ झूठे-एडिटेड पोस्ट, नगर निगम सभापति...

फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ झूठे-एडिटेड पोस्ट, नगर निगम सभापति ने SP को दी शिकायत; एपस्टीन कनेक्शन

25
0
कोरबा में सोशल मीडिया पर फेसबुक आईडी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरित्र पर गंभीर लांछन लगाने वाले झूठे पोस्ट को लेकर पुलिस ने शिकायत की गई है। नगर निगम सभापति ने एसपी से इसकी शिकायत की है। 

कोरबा – सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरित्र पर लांछन लगाने और समाज में विद्वेष फैलाने के उद्देश्य से कई अज्ञात आईडी से झूठे पोस्ट किए जा रहे हैं। इस संबंध में नगर निगम कोरबा की सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने पुलिस अधीक्षक कोरबा को लिखित शिकायत सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। झूठे पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी को बच्चों के यौन शोषण के आरोपी जेफरी एपस्टीन का सहयोगी बताया जा रहा है।

शिकायत के अनुसार, ‘राव साहब’ नामक आईडी से प्रधानमंत्री के संपादित फोटो को एप्सटीन की फाइल में मोदी के नाम के साथ पोस्ट किया गया है। ‘मलिक साहब’ नामक आईडी से एक संपादित फोटो के साथ अभद्र टिप्पणी की गई है। इसके अतिरिक्त, ‘समाजवादी विचारधारा’ नामक फेसबुक आईडी से बिना किसी तथ्य के प्रधानमंत्री पर किसी मानसी सोनी के शारीरिक शोषण करने और फिर उसे गायब करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।

सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने अपनी शिकायत में कहा है कि नरेंद्र मोदी देश के सम्मानित प्रधानमंत्री हैं। बिना किसी साक्ष्य के उनके चरित्र पर गंभीर आरोप लगाने से नागरिकों में प्रधानमंत्री के प्रति असम्मान, नाराजगी और घृणा उत्पन्न हो रही है, जिसके लिए वे फेसबुक सीईओ को जिम्मेदार ठहराती हैं। यह कृत्य कोरबा शहर और राज्य के सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक माहौल को खराब करने का एक प्रयास है।

प्रधानमंत्री के फोटो को संपादित कर झूठे समाचारों में इस्तेमाल करना, अभद्र और घृणित पोस्ट प्रसारित करना, और उनकी छवि को धूमिल करने की साजिश रचना भारतीय न्याय संहिता के तहत एक गंभीर आपराधिक कृत्य है। सभापति ठाकुर ने फेसबुक के सीईओ इंडिया अजित मोहन को इसके लिए प्राथमिक तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

नूतन सिंह ठाकुर के साथ अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी लक्ष्मण पटेल, अशोक पाल, महेश्वर सिंह, हरिश्चंद्र भारती, दीपक साहू और उत्तम आदिले ने भी पुलिस अधीक्षक से मिलकर इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिला पुलिस अधीक्षक कोरबा ने शिकायत पर जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।