कांग्रेस से इस्तीफे और निष्कासन के बाद नवजोत कौर सिद्धू ने राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राहुल गांधी को ‘पप्पू’ कहने और पीएम मोदी की तारीफ के बाद अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है-क्या नवजोत सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी नवजोत कौर की होगी भाजपा में घर वापसी? जानिए पूरा मामला।
कांग्रेस से इस्तीफे और निष्कासित होने के बाद डॉ. नवजोत कौर सिद्धू के तेवर बेहद तल्ख हो गए हैं। उन्होंने न केवल पार्टी के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की, बल्कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का भी प्रयोग किया। उन्होंने उन्हें ‘पप्पू’ कहकर भी संबोधित किया, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू का अगला कदम क्या होगा? गौरतलब है कि नवजोत सिंह सिद्धू अभी भी आधिकारिक तौर पर कांग्रेस में बने हुए हैं।
यह सवाल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले कुछ हफ्तों में नवजोत कौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा की थी, जिससे उनकी भाजपा में वापसी की अटकलों को बल मिला है। हालांकि, भाजपा में वापसी को लेकर अब तक सिद्धू दंपती की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।






