रायपुर – रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से संचालित हुक्का और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के कारोबार का खुलासा करते हुए करीब 25 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे के अवैध व्यापार पर सख्ती से रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को निर्देश दिए गए हैं कि नशे से जुड़े कारोबारियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। इसी अभियान के दौरान 31 जनवरी 2026 की रात पुलिस को सूचना मिली कि खमतराई थाना क्षेत्र के न्यू गोंदवारा बस्ती में स्थित एक गोदाम में प्रतिबंधित सिगरेट, ई-सिगरेट, हुक्का और उससे जुड़ी सामग्री का अवैध भंडारण किया जा रहा है।






