Home देश ‘मैं सुनेत्रा अजीत पवार…’, महाराष्ट्र को मिलने जा रही है पहली महिला...

‘मैं सुनेत्रा अजीत पवार…’, महाराष्ट्र को मिलने जा रही है पहली महिला उपमुख्यमंत्री, क्या कल सकता है शपथ ग्रहण?

26
0
अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव है. एनसीपी नेता छगन भुजबल के दावे के मुताबिक, सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है और अगर कल बैठक में फैसला हुआ तो शपथ ग्रहण भी कल ही हो सकता है.
मुंबई – महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान दुर्घटना में आकस्मिक निधन के बाद न सिर्फ राज्य बल्कि सरकार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गुट) के भीतर भी मंथन तेज हो गया है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि अब उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्रालय जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी कौन संभालेगा?
इसी बीच राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सुनेत्रा अजीत पवार को राज्य की अगली उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. यदि ऐसा होता है तो वे महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री होंगी. इस अटकल को उस वक्त और बल मिला, जब एनसीपी (अजित पवार) के वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की.
सीएम फडणवीस से मुलाकात के बाद बढ़ी हलचल
एनसीपी (अजित पवार) के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और वरिष्ठ मंत्री छगन भुजबल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की. इस मुलाकात को केवल शोक संवेदना तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे सरकार में नेतृत्व परिवर्तन से जोड़कर देखा जा रहा है. मुलाकात के बाद छगन भुजबल ने मीडिया से बातचीत में ऐसा बयान दिया, जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी.
‘कल ही फैसला हुआ तो कल ही शपथ ग्रहण’
छगन भुजबल ने कहा कि एनसीपी विधायकों की कल मुंबई में बैठक बुलाई गई है. अगर कल की बैठक में फैसला हो जाता है, तो शपथ ग्रहण समारोह भी कल ही हो सकता है. उन्होंने साफ संकेत दिया कि पार्टी नेतृत्व चाहता है कि सरकार और संगठन में जो खालीपन आया है, उसे जल्द से जल्द भरा जाए.