रायपुर – युवाओं में बढ़ते नशे के चलन पर सख्ती से लगाम कसने के लिए रायपुर पुलिस (Raipur Police) ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गांजा सेवन में इस्तेमाल होने वाले ‘गोगो पेपर’ और हुक्का सामग्री के अवैध नेटवर्क का खुलासा करते हुए करीब 2 लाख रुपये मूल्य का रोलिंग पेपर जब्त किया है। साथ ही कोटपा एक्ट के तहत 09 दुकानों को सील किया गया है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश कार्रवाई
कार्रवाई को लेकर नॉर्थ जोन के डीसीपी मयंक गुर्जर ने बताया कि शहर में पान ठेलों और गुमटियों के जरिए युवाओं को नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री खुलेआम बेची जा रही थी, जिसे रोकने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया।
डीसीपी गुर्जर ने बताया कि जांच में पता चला कि कई पान ठेले और छोटी दुकानों पर गांजा पीने के लिए विशेष रूप से इस्तेमाल होने वाले गोगो/रोलिंग पेपर और चिलम बेचे जा रहे थे। पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में रोलिंग पेपर जब्त किया, जिनका उपयोग गांजे की सिगरेट (जॉइंट) बनाने में किया जाता है।
एडिशनल डीसीपी आकाश मरकाम और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में नॉर्थ जोन की टीमों ने नगर निगम के साथ संयुक्त कार्रवाई की।
अवैध रूप से नशे से जुड़ी सामग्री बेचने वाले 9 दुकानों को कोटपा एक्ट के उल्लंघन में सील कर बंद कराया गया।
पुलिस ने जब्त सामग्री के बैकवर्ड लिंक को भी ट्रैक कर लिया है। यह जानकारी जुटाई गई है कि रोलिंग पेपर और हुक्का फ्लेवर की खेप कहां से लाई जा रही थी। पूछताछ में शहर के भीतर इन सामग्रियों की सप्लाई करने वाले थोक विक्रेताओं और सप्लायरों के नाम सामने आए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन मुख्य कड़ियों के खिलाफ जल्द ही बड़ी छापेमारी की जाएगी और पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा।
इस कार्रवाई के साथ ही रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे के जाल में फंसाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। आने वाले दिनों में शहरभर में ऐसे अवैध कारोबार पर और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






