कोंडागांव – बस्तर संभाग के प्रवेश द्वार केशकाल में रविवार रात एक सड़क हादसा सामने आया है। सुकमा जिले के छिंदगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में पदस्थ डॉ. राजू भगत (33 वर्ष) की कार नेशनल हाईवे-30 पर एक अनियंत्रित ट्रक से टकरा गई।टक्कर इतनी भयावह थी कि डॉक्टर की कार किसी प्लास्टिक की बोतल की तरह पिचक गई और डॉ. भगत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, डॉ. राजू भगत मूल रूप से रायगढ़ के रहने वाले थे। वे अपने गृह ग्राम से सुकमा जिले के छिंदगढ़ में अपनी ड्यूटी पर लौट रहे थे। रविवार देर रात जब वे अकेले अपनी कार से गारका गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और डॉक्टर का शव मलबे में बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।






