Home देश क्या आपको पता है BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के गांव...

क्या आपको पता है BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के गांव का नाम, जहां दिखी होली-दिवाली जैसी तस्वीरें?

32
0
नवादा – बीजेपी में आज एक नए युग की शुरुआत हो गई. नितिन नबीन को आज आधिकारिक रूप से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है. बीजेपी हेडक्वार्टर में मंच से जैसे उनके नाम का ऐलान हुआ, पूरी सभा तालियों से गूंज उठी. इस घोषणा के साथ ही पीएम मोदी ने उन्हें माला पहनाकर बधाई दी. पीएम मोदी ने इसके साथ ही कहा कि नितिन नबीन जी मेरे बॉस है. मैं कार्यकर्ता हूं. क्या आपको पता है बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पैतृक गांव कौन सा है?
दरअसल बिहार के नवादा जिले के रजौली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अमांवा गांव से उनका गहरा नाता है. नितिन नबीन के भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की खबर सामने आते ही उनके पैतृक गांव अमांवा में जश्न का माहौल बन गया. गांव में लोग ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी मना रहे हैं और माहौल ऐसा है जैसे एक ही दिन होली और दिवाली जैसा नजारा दिख रहा है.
पैतृक गांव में उमड़ा उत्साह
नितिन नबीन का परिवार पहले अमांवा गांव में ही रहा करता था. उनके पिता नवीन किशोर सिन्हा का पैतृक घर इसी गांव में है. हालांकि समय के साथ परिवार के कुछ सदस्य अन्य स्थानों पर बस गए, लेकिन आज भी उनके कई चचेरे भाई, चाचा और अन्य परिजन अमांवा गांव में रहते हैं. यही वजह है कि नितिन नवीन की हर बड़ी राजनीतिक उपलब्धि का असर सीधे इस गांव में देखने को मिलता है.
समय-समय पर गांव आते रहे हैं नितिन नवीन
ग्रामीणों के मुताबिक नितिन नवीन समय-समय पर अपने पैतृक गांव अमांवा आते रहे हैं. पिछली बार वह लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार के दौरान गांव पहुंचे थे और एक दिन का प्रवास भी किया था. इस दौरान उन्होंने अपने कुल देवता की पूजा कर आशीर्वाद लिया था. राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद भी गांव में खुशी की लहर दौड़ गई थी, लेकिन अब विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जश्न दोगुना हो गया है.