Home छत्तीसगढ़ बिलासपुर – 4 साल का इंतजार खत्म, बिलासा देवी एयरपोर्ट अब बनेगा...

बिलासपुर – 4 साल का इंतजार खत्म, बिलासा देवी एयरपोर्ट अब बनेगा 4-C कैटेगरी का हवाई अड्डा, 50 करोड़ मंजूर

35
0

बिलासपुर – बिलासपुर के हवाई संपर्क को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद तोखन साहू का ‘मिशन एयरपोर्ट’ अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। उनके निरंतर पत्राचार और व्यक्तिगत प्रयासों के परिणामस्वरूप, बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 290.80 एकड़ भूमि का आवंटन और 50.60 करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी गई है।

बिलासपुर की मांग को प्राथमिकता देने और 4-C श्रेणी की मंजूरी के लिए सांसद तोखन साहू ने केन्द्रीय विमानन मंत्री राम मोहन नायडू का आभार जाताते उनका विशेष धन्यवाद किया। साहू ने विश्वास जताया कि एयरपोर्ट के विस्तार से बिलासपुर संभाग में निवेश, पर्यटन और रोजगार के अभूतपूर्व अवसर पैदा होंगे, जिससे पूरे छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस परियोजना के तहत एयरपोर्ट का 4-C श्रेणी में उन्नयन होगा जिससे बड़े कमर्शियल विमानों के संचालन का रास्ता साफ हो जाएगा। फरवरी-मार्च से रात में भी विमानों का आवागमन प्रस्तावित है। रनवे विस्तार और नए टर्मिनल भवन को सैद्धांतिक मंजूरी भी मिल गई है।

​​इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने ​ सेना के आधिपत्य वाली जमीन को राज्य शासन को हस्तांतरित करने में सहयोग के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने ​मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से राशि जारी करने और प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने के लिए उनकी तत्परता की सराहना की।