स्विट्जरलैंड के प्रतिष्ठित और लग्जरी स्की रिसॉर्ट शहर क्रांस-मोंटाना में नए साल की सुबह ही एक भीषण धमाका हुआ है. इस धमाके में 40 लोगों की वहीं मौत हो गई, जबकि करीब 100 लोग जख्मी हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की पुष्टि करते हुए स्विट्जरलैंड पुलिस बताया कि विस्फोट के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. दक्षिण-पश्चिमी स्विट्जरलैंड के वालेस कैंटन पुलिस के प्रवक्ता गाएतान लाथियों के मुताबिक मामले के हर पहलू से जांच की जा रही है. इसे लेकर जल्द ही स्विट्जरलैंड पुलिस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस करके जानकारी दी जाएगी.
धमाके के तुरंत बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेराबंदी में लेकर जांच जारी है. पुलिस के मुताबिक धमाका उस वक्त हुआ, जब रिजॉर्ट में नए साल की पार्टियां चल रही थीं. धमाका देर रात करीब डेढ़ बजे हुए था, जब लोग जश्न में डूबे हुए थे. स्थानीय मीडिया के मुताबिक जिस बिल्डिंग में बार है, वो आग की लपटों में घरी हुई थी और चीख-पुकार सुनी जा सकती थी.
पूरा इलाका पुलिस ने कर दिया सील
इस घटना के बाद इस पूरे इलाके को पुलिस ने सील कर दिया है और वो इस जांच में जुटी हुई है कि आखिर रिसॉर्ट में आग लगी कैसे? चूंकि यहां के बार में आग लगती हुई देखी गई है, ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि वहीं कुछ हुआ होगा. वो बात अलग है कि अब तक घटना की वजह के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है. फायरफाइटर्स लोगों को वहां से निकालने में लगे हुए हैं.






