रायपुर – रायपुर जिले के थाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम छपोरा में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेम संबंध के शक में की गई हत्या के इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक थाना विधानसभा का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक का मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड और लकड़ी का डंडा जब्त किया है।
23 दिसंबर को ग्राम छपोरा के गोठान के पास खेत में एक युवक का जला हुआ शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सिर पर चोट के निशान पाए जाने पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण सिर में आई गंभीर चोट बताया गया। जांच के दौरान मृतक की पहचान ललित कुमार धीवर (22), निवासी ग्राम कुर्रा (बंगोली), थाना खरोरा के रूप में हुई।
एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और विधानसभा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव में लगातार तीन दिन कैंप कर बदमाशों, संदिग्धों और हिस्ट्रीशीटरों से संबंधित जानकारी जुटाई। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि मृतक को अंतिम बार गांव के ही अजीत लहरे उर्फ हरजीत और अर्जुन ध्रुव के साथ देखा गया था। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
प्रेम संबंध का शक बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार आरोपी अर्जुन ध्रुव को शक था कि उसकी बहन और मृतक के बीच प्रेम संबंध है। इसी रंजिश में उसने अपने साथी हिस्ट्रीशीटर अजीत लहरे के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 21 दिसंबर को दोनों आरोपियों ने मृतक के साथ शराब पी और उसके बाद गोठान के पास ले जाकर लोहे की रॉड और लकड़ी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव पर सूखा पैरा डालकर आग भी लगा दी। इसके बाद मृतक की मोटरसाइकिल तालाब में और मोबाइल फोन दूसरी जगह फेंक दिया।
हिस्ट्रीशीटर पर आधा दर्जन से अधिक मामले
गिरफ्तार आरोपी अजीत लहरे उर्फ हरजीत थाना विधानसभा का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ मारपीट व अन्य अपराध के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।






