पटना – बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने बिहार सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। नितिन नबीन नीतीश सरकार में सड़क निर्माण और शहरी विकास एवं आवास मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने अपना त्यागपत्र सीएम नीतीश कुमार को सौंप दिया है, जिसे स्वीकार भी कर लिया गया है।
सोमवार को संभाली जिम्मेदारी
बता दें कि बिहार की बांकीपुर सीट से विधायक नितिन नबीन को रविवार को बीजेपी ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। सोमवार को दिल्ली में उन्होंने अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान बीजेपी कार्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा मौजूद थे। वहीं राष्ट्रीय राजधानी में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने नबीन का गर्मजोशी से स्वागत किया।
नितिन नबीन ने क्यों दिया इस्तीफा?
दरअसल, बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन के कंधों पर अब संगठन की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। इसलिए उन्होंने नीतीश सरकार में मंत्रिपरिषद पद से इस्तीफा दे दिया। अब नितिन नबीन राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के कामों पर ध्यान देंगे।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा हुई तेज
वहीं नितिन नवीन के नीतीश सरकार में मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देने के बाद अब किसको यह जिम्मेदारी मिलती है, इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। बता दें कि सोमवार को बीजेपी ने दिलीप जायसवाल की जगह संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया था।






