Home छत्तीसगढ़ पुलिस ने नाकाबंदी कर अभनपुर में गांजा के साथ तीन तस्कर को...

पुलिस ने नाकाबंदी कर अभनपुर में गांजा के साथ तीन तस्कर को किया गिरफ्तार, 13 लाख से अधिक का सामान जब्त

31
0

रायपुर – राजधानी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना अभनपुर की संयुक्त टीम ने चंडी मोड़, अभनपुर तिराहा के पास नाकाबंदी कर गांजा तस्करी में लिप्त तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। उनके कब्जे से 15 किलो 750 ग्राम गांजा, एक कार और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 13 लाख 25 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश में की गई। अभियान के तहत पुलिस लगातार मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार की जानकारी जुटा रही है।

9 दिसंबर 2025 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि एक चारपहिया वाहन में सवार कुछ लोग अभनपुर की ओर गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही अभनपुर तिराहा के पास नाकाबंदी की गई। मुखबिर द्वारा बताए गए वाहन के पहुंचते ही टीम ने कार को रोककर जांच की। वाहन में तीन युवक बैठे थे—जिन्होंने अपना नाम भूषण चंदेल, पवन मनहरे और जितेन्द्र दशरिया, सभी निवासी जिला दुर्ग, बताया।

वाहन की तलाशी में कार के अंदर अलग-अलग पैकेटों में पैक किया गया गांजा बरामद हुआ। तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 15.75 किलो गांजा जिसकी कीमत लगभग 7,95,000 रुपये है, जब्त किया। इसके साथ ही तस्करी में उपयोग की गई स्विफ्ट डिज़ायर कार (CG 27 KE 5068) और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। सभी जब्ती की कुल कीमत लगभग 13.25 लाख रुपये आंकी गई। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 453/2025 धारा 20(B) नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।