नई दिल्ली – संसद के शीतकालीन सत्र का आज 9वां कार्यदिवस है। आज लोकसभा की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी। राज्यसभा में चुनाव सुधार पर चर्चा होगी। इससे पहले सदन के नेता जेपी नड्डा ‘वंदे मातरम के 150 वर्ष’ पर हुई चर्चा का जवाब देंगे।
कांग्रेस सांसद सप्तगिरी उल्का ने उठाए चुनाव आयोग पर सवाल
कांग्रेस सांसद सप्तगिरी उल्का ने कहा है कि जब भी वे चुनाव आयोग के खिलाफ सवाल उठाते हैं, तो सरकार हमेशा उनका बचाव करती है। उल्का ने कहा कि जब हम चुनाव आयोग के खिलाफ कुछ कहते हैं, तो चुनाव आयोग खुद कुछ नहीं कहता, लेकिन भाजपा के प्रवक्ता उनका बचाव करते रहते हैं। हमारे सवाल स्पष्ट हैं और हमने कुछ मुद्दे उठाए हैं जिनके जवाब चाहिए।
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू; लोकसभा में प्रश्नकाल
लोकसभा में प्रश्नकाल की शुरुआत के बाद सड़क-परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय से जुड़े सवाल पूछे गए। पश्चिम बंगाल की कूचबिहार लोकसभा सीट से निर्वाचित तृणमूल कांग्रेस सांसद जगदीश चंद्र बर्मा के सवाल पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ई10 और ई-20 ईंधन मानकों के आधार पर चलने वाले वाहनों से जुड़े सवाल पर जवाब दिए।
संसद की कार्यवाही शुरू, राज्यसभा में चुनाव सुधार पर बहस, जेपी नड्डा वंदे मातरम पर देंगे जवाब
संसद के शीतकालीन सत्र में आज भी विपक्षी दलों की तरफ से हंगामे के आसार हैं। दरअसल, राज्यसभा में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर चर्चा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। बुधवार को तय समय से एक घंटा अधिक गुजरने पर भी वंदे मातरम पर चर्चा जारी रही। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि चर्चा समाप्त न होने के कारण नेता सदन जेपी नड्डा चर्चा का जवाब देंगे। इसके तुरंत बाद चुनाव सुधारों पर चर्चा शुरू होगी। आज राज्यसभा में चुनाव के लिए उठाए जाने वाले सुधारात्मक कदमों पर चर्चा होगी।
विपक्ष का आरोप है कि भाजपा नीत सत्ताधारी खेमा राष्ट्रीय गीत पर राजनीति कर रहा है। ट्रेजरी बेंच यानी सत्ताधारी पक्ष ने विपक्षी दलों पर पलटवार कर रहा, भारत को आजादी केवल कांग्रेस ने ही नहीं दिलाई। देश को मिली आजादी में सशस्त्र क्रांतिकारियों का भी योगदान रहा है।






