रायपुर – स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब इंडिगो की लगातार कई फ्लाइट्स अचानक कैंसिल कर दी गई. सुबह से रात तक दर्जनों उड़ानें रद्द होने से सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर फंसे रहे. परेशान यात्रियों में भारी आक्रोश है. कोई रो रहा था तो कोई इंडिगो स्टाफ से बहस कर रहा था. एयरपोर्ट पर तनाव का माहौल है और यात्री रात में भी वैकल्पिक इंतजाम की आस में डटे हुए हैं.
मुंबई, कोलकाता से विदेश जाने वाले कई यात्री भी फंसे हुए हैं. किसी का महत्वपूर्ण बिजनेस मीटिंग था, किसी का इंटरनेशनल कनेक्शन मिस हो गया. यात्रियों का कहना है कि इंडिगो बार-बार ऐसा कर रही है, लेकिन कोई जवाबदेही नहीं है।
गुस्साए यात्रियों ने कहा, सरकार ने इन प्राइवेट कंपनियों को इतनी छूट दे दी है कि ये अपनी मनमानी कर रहे हैं. मोनोपॉली चला रहे हैं. कोई कंट्रोल नहीं है. यही नतीजा है कि आज सैकड़ों लोग सड़क पर आ गए। इंडिगो की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि इतनी सारी फ्लाइट्स अचानक क्यों रद्द की गईं. यात्रियों की मांग है कि फ्लाइट कैंसिलेशन का पूरा रिफंड मिले. साथ ही अतिरिक्त नुकसान की भरपाई भी कंपनी करे.
दिल्ली से लौटे सांसद संतोष पांडेय ने कहा, सभी एयरपोर्ट पर यही समस्या है. केंद्र सरकार ने तत्काल इस विषय में संज्ञान लिया है। बहुत जल्द ही व्यवस्था की जाएगी. दोबारा ऐसा न हो, इसके लिए प्रावधान किए जाएंगे.






