Home देश व्लादिमीर पुतिन भारत पहुंचे, पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर लगाया गले, गर्मजोशी...

व्लादिमीर पुतिन भारत पहुंचे, पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर लगाया गले, गर्मजोशी से किया स्वागत

21
0
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंच गए हैं. पालम एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया. पुतिन की यात्रा ऐसे वक्त हो रही है जब भारत और अमेरिका के बीच संबंध तनावपूर्ण हैं. रूसी तेल खरीद को लेकर अमेरिका ने भारत पर अतिरिक्त टैरिफ लगाया है.

नई दिल्ली – रूसी राष्ट्रपति पुतिन के भारत पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पालम एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया. पीएम मोदी ने पुतिन को गले लगाया. भारत ने पुतिन के स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछाया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली के पालम टेक्निकल एयरपोर्ट से निकलते समय एक ही कार में नजर आए.

प्रधानमंत्री मोदी पुतिन के साथ करेंगे रात्रिभोज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी राष्ट्रपति के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया है. दोनों दिग्गज नेता एक साथ डिनर करेंगे. पिछले साल जुलाई में पुतिन ने रूस की यात्रा पर गए मोदी का इसी प्रकार अतिथि सत्कार किया था.

शुक्रवार को भारत और रूस के बीच 23वीं शिखर वार्ता

मोदी और पुतिन के बीच शुक्रवार को होने वाली शिखर वार्ता में रक्षा सहयोग बढ़ाने, द्विपक्षीय व्यापार को बाहरी दबावों से सुरक्षित रखने और छोटे ‘मॉड्यूलर रिएक्टर’ के क्षेत्र में संभावित सहयोग पर विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है. माना जा रहा है इस वार्ता पर पश्चिमी देशों की पैनी निगाह रहेगी. भारत और रूस के बीच 23वीं शिखर वार्ता के बाद दोनों पक्ष व्यापार समेत कई क्षेत्रों में समझौते कर सकते हैं. रूसी नेता यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए नए सिरे से अमेरिकी प्रयास के बीच भारत की यात्रा पर आ रहे हैं, इसलिए शिखर सम्मेलन में इस मुद्दे पर भी बातचीत होने की संभावना है.