रायपुर – अगर आप क्रिकेट के थोड़े बहुत भी शौकीन हैं तो आपको पता होगा कि वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का काम सचिन तेंदुलकर ने किया है। लेकिन आपको शायद टॉप 5 बल्लेबाजों के बारे में पता नहीं होगा। तो चलिए देर किस बात की, आपको उनके बारे में जानकारी देते हैं।

सचिन तेंदुलकर ने साल 1989 में वनडे डेब्यू किया था। तब से लेकर साल 2012 तक वे खेलते रहे। इस दौरान सचिन ने 463 मैच खेलकर 18426 रन बनाने का काम किया है। सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में 49 शतक और 96 अर्धशतक लगाए हैं। सचिन का वनडे क्रिकेट में औसत 44.83 का रहा।

श्रीलंका के कुमार संगकारा इस मामले में दूसरे नंबर पर आते हैं। उन्होंने साल 2000 से लेकर साल 2015 तक क्रिकेट खेला और इस दौरान 404 मैच खेलकर 14234 रन बनाने का काम किया। कुमार संगकारा ने अपने वनडे करियर के दौरान 25 शतक और 93 अर्धशतक लगाए हैं।

विराट कोहली इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर आते हैं। उन्होंने अब तक 302 मैच खेलकर 14181 रन पूरे कर लिए हैं। कोहली ने टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से तो रिटायरमेंट ले लिया है, लेकिन वनडे अभी वे खेल रहे हैं। विराट कोहली अब तक 51 शतक और 74 अर्धशतक लगा चुके हैं।

रिकी पोंटिंग इस लिस्ट में नंबर चार पर आते हैं। उन्होंने साल 1995 से लेकर साल 2012 तक क्रिकेट खेला। पोंटिंग ने 375 वनडे मुकाबले खेलकर 13704 रन बनाए हैं। पोंटिंग के नाम वनडे क्रिकेट में 30 शतक और 82 अर्धशतक दर्ज हैं।

सनथ जयसूर्या का नाम नंबर 5 पर है। जयसूर्या ने साल 1989 से लेकर साल 2011 तक क्रिकेट खेला। इस दौरान 445 मैच खेलकर उन्होंने 13430 रन अपने नाम किए हैं। जयसूर्या ने 28 शतक और 68 अर्धशतक लगाए हैं।






