Home छत्तीसगढ़ भूपेश बघेल के करीबी नेता को कांग्रेस ने बनाया OBC विभाग का...

भूपेश बघेल के करीबी नेता को कांग्रेस ने बनाया OBC विभाग का नेशनल कॉर्डिनेटर, जानें कौन हैं गिरीश देवांगन?

35
0
रायपुर – कांग्रेस ने 1 दिसंबर को अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए तीन उपाध्यक्ष, 60 नेशनल कॉर्डिनेटर और 6 ज्वॉइंट कॉर्डिनेटर की नियुक्ति की. इस सूची में छत्तीसगढ़ के तीन नेताओं गिरीश देवांगन, लेखराम साहू और त्रिलोक चंद्र श्रीवास को भी जगह मिली है. इनमें से सबसे मुख्य नियुक्ति है गिरीश देवांगन की, जिन्हें कांग्रेस ने OBC विभाग का नेशनल कॉर्डिनेटर बनाया है. यह नियुक्ति न सिर्फ देवांगन की राजनीतिक यात्रा के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि आने वाले समय में OBC वर्ग से जुड़े आंदोलनों और मुद्दों पर कांग्रेस की रणनीति को भी प्रभावित करेगी.
गिरीश देवांगन ने जताया आभार कहा कि OBC के अधिकारों के लिए और मजबूती से लड़ेंगे. अपनी नियुक्ति के बाद गिरीश देवांगन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर धन्यवाद संदेश जारी किया.
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, OBC विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद, और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल का आभार जताया.देवांगन ने लिखा कि वे संगठन को और मजबूत करने तथा देशभर में OBC समुदाय के अधिकारों की आवाज़ बुलंद करने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे. उनकी यह प्रतिक्रिया साफ संकेत देती है कि कांग्रेस OBC राजनीति को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा देने की तैयारी में है.
कौन हैं गिरीश देवांगन?
गिरीश देवांगन रायपुर के रहने वाले हैं और उन्होंने पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से LLB की पढ़ाई की है. वे लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े रहे हैं और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी सहयोगियों में गिने जाते हैं.
2023 विधानसभा चुनाव में भी लड़े थे मैदान
कांग्रेस ने उन्हें 2023 विधानसभा चुनाव में राजनांदगांव सीट से पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह के खिलाफ उतारा था. यह मुकाबला काफी चर्चित रहा, हालांकि चुनाव परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा. लेकिन पार्टी ने उनके संघर्ष और संगठनात्मक क्षमताओं को देखते हुए उन्हें बड़ी ज़िम्मेदारी सौंप दी.
खनिज विकास निगम के अध्यक्ष भी रह चुके
राजनीतिक अनुभव की बात करें तो देवांगन छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम (CMDC) के अध्यक्ष पद पर भी कार्य कर चुके हैं. इस पद पर रहते हुए वे खनिज नीतियों और विकास कार्यों में सक्रिय रहे. यही प्रशासनिक अनुभव अब कांग्रेस के OBC विंग में उनकी भूमिका को और प्रभावी बनाएगा.
OBC राजनीति में बढ़ेगी जिम्मेदारी
कांग्रेस संगठन में OBC विभाग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. देश की बड़ी आबादी OBC वर्ग से आती है और राजनीतिक रूप से यह वर्ग निर्णायक माना जाता है.
नेशनल कॉर्डिनेटर का पद OBC वर्ग से जुड़े मुद्दों को केंद्र में लाने, रणनीतियों का निर्माण, राज्यों के बीच तालमेल और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में अहम होता है. देवांगन की नियुक्ति से स्पष्ट है कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ के इस चेहरे पर राष्ट्रीय स्तर पर भरोसा दिखा रही है.