Home देश भूटान पहुंचे पीएम मोदी: लाल किला ब्लास्ट पर बोले “दु:खी मन से...

भूटान पहुंचे पीएम मोदी: लाल किला ब्लास्ट पर बोले “दु:खी मन से आया हूं”

114
0

भूटान पहुंचे पीएम मोदी ने दिल्ली में लाल किला के पास हुए आतंकी हमले पर गहरा दुख जताया और कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

दिल्ली में लाल किला के पास हुए आतंकी धमाके ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हमले में 10 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक घायल हुए। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूटान की यात्रा पर हैं, जहां से उन्होंने इस घटना पर शोक जताया। पीएम मोदी ने कहा कि वे दुखी मन से भूटान आए हैं और दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।

लाल किला ब्लास्ट पर पीएम मोदी का भूटान से बयान

भूटान पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दिल्ली में हुई इस भयावह घटना से वे बहुत दुखी हैं। उन्होंने कहा, “मैं बहुत भारी मन से यहां आया हूं। कल शाम जो हुआ, उससे पूरा देश व्यथित है। प्रभावित परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। पूरा देश इस समय उनके साथ खड़ा है।” पीएम मोदी ने कहा कि इस आतंकी साजिश के पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार इस हमले की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

रात भर एजेंसियों से संपर्क में रहे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने बताया कि वह पूरी रात जांच एजेंसियों से लगातार संपर्क में थे। उन्होंने कहा, “हमारी एजेंसियां साजिश की जड़ तक जाएंगी। जो भी इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें सख्त सजा मिलेगी। उन्होंने सुरक्षा बलों की तत्परता और जांबाजी की भी सराहना की और कहा कि केंद्र सरकार उन्हें हर संभव सहायता दे रही है।

भूटान में विश्व शांति का संदेश

भूटान में पीएम मोदी ने “ग्लोबल पीस प्रेयर फेस्टिवल” में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना पर आधारित है। मोदी ने कहा, “आज पूरी दुनिया के संत और श्रद्धालु शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। इसमें 1.4 अरब भारतीयों की प्रार्थनाएं भी शामिल हैं।”

धमाके में 13 की मौत, 20 से अधिक घायल

सोमवार शाम को दिल्ली के लाल किला क्षेत्र में हुआ धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की कई गाड़ियां और मेट्रो स्टेशन के बाहर लगे शीशे टूट गए। धमाके में 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक घायल हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, विस्फोट एक कार के पास हुआ था, जिससे आग भी लग गई।