दुर्ग – छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शुक्रवार देर रात एक रियल एस्टेट कारोबारी संतोष आचार्य (47) की 8 से अधिक लोगों ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले पीड़ित को घर से खींचकर बाहर निकाला, फिर कपड़े उतरवाकर नंगा कर सड़कों पर घुमाया और धारदार हथियारों तथा पत्थरों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। यह सनसनीखेज वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र के शीतला नगर इलाके में हुई।
पुलिस के अनुसार हत्या पैसों के लेनदेन और आपसी रंजिश से जुड़ी हुई है। मृतक ब्याज पर पैसा देने और जमीन खरीदी-बिक्री का काम करता था
गैस कटर से काटा दरवाजा, सड़कों पर घुमाया और बेरहमी से पीटा
शुक्रवार रात करीब 11 बजे 15-20 लोग गैस कटर लेकर संतोष के घर पहुंचे। लोहे का गेट काटकर वे अंदर घुसे और संतोष को घसीटते हुए बाहर ले आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने उसे नंगा कर मोहल्ले में घुमाया और रास्ते में बुरी तरह पीटा। इसके बाद उसे सदर बाजार तक खींचकर ले गए और वहां धारदार हथियार व पत्थरों से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल संतोष को रात तीन बजे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पत्नी बोलीं — “मैंने पहले ही कहा था, हत्या हो जाएगी”
मृतक की पत्नी रानी सोनी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया, “मैंने कई बार कहा था कि मेरे पति पर जान का खतरा है, लेकिन पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया।” चार महीने पहले रानी अपने मायके चली गई थीं। उनका कहना है कि संतोष अधिक शराब पीने लगा था और कई लोगों से पैसे को लेकर विवाद चल रहा था।
रानी ने कहा, “अगर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती, तो आज मेरे पति जिंदा होते।”
एक दिन पहले दर्ज हुई थी FIR, उसी से जुड़ा विवाद बना हत्या की वजह
घटना से एक दिन पहले, यानी 7 नवंबर को प्रथम सोनी नामक व्यक्ति ने संतोष आचार्य के खिलाफ मारपीट की FIR दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि उसी दिन दोनों के बीच दोपहर और शाम में झगड़ा हुआ था। शाम को संतोष ने पत्नी को फोन कर बताया था कि कुछ लोग चाकू लेकर पीछे पड़े हैं।
रात में यही विवाद खूनी रूप ले लिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
दुर्ग पुलिस ने इस मामले में अब तक 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें चैतराम सोनी, मनीष, दादू और शिव के नाम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पैसों के विवाद और पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है।
थाना प्रभारी तापेश्वर नेताम ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है, और CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है।
प्रोजेक्ट फंडिंग और विवादों से जुड़ा रियल एस्टेट नेटवर्क
संतोष आचार्य शहर में रियल एस्टेट और फाइनेंसिंग कारोबार से जुड़े थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वे अक्सर ब्याज पर पैसा उधार देते थे। कुछ लोगों के साथ रकम लौटाने को लेकर तनाव और झगड़े की स्थिति बनी रहती थी। पुलिस भी पिछले कुछ महीनों में इस इलाके के विवादों को लेकर कई बार हस्तक्षेप कर चुकी थी।
आगे की जांच जारी, शहर में दहशत का माहौल
हत्या की यह वारदात इलाके में आतंक और आक्रोश का कारण बनी है। लोगों ने सरेआम सड़कों पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना को लेकर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।






