Home देश दिल्ली से आ रही थी डबल डेकर बस, सवार थे 39 लोग,...

दिल्ली से आ रही थी डबल डेकर बस, सवार थे 39 लोग, अचानक आगरा एक्सप्रेस-वे पर धूं-धूं कर जलने लगी, फिर…

34
0
लखनऊ – एक बड़ी खबर सामने आई. यहां काकोरी में आगरा एक्सप्रेस वे पर दिल्ली से आ रही डबल डेकर बस के पिछले पहिए में आग लग गई. धुआं उठते देख ड्राइवर का माथा ठनक गया. उसने तुरंत सवारियों को जल्दी बस से उतारा. कंडक्टर और यात्रियों की मदद से सारा सामान भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद ड्राइवर बस को रेवरी टोल प्लाजा के पास ले गया. मगर वहां आग बुझाने की व्यवस्था न होने के कारण बस जलकर राख हो गई. हालांकि, शुक्र है कि ड्राइवर की सूझबूझ से लोग सुरक्षित बच गए.

बताया जा रहा है कि आज भोर में नई दिल्ली से गोंडा जा रही डबल स्लीपर बस BR 28 P 6333 में आग लग गई. टोल प्लाजा से करीब 500 मीटर पहले बस के पिछले पहिए में आग लगी. जब ड्राइवर ने पिछले पहिए से आता हुआ धुआं देखा तो बस को साइड लगा लिया. ड्राइवर ने तुरंत बस में बैठी सभी 39 सवारी को जल्दी से वही पर उतार दिया. उसके बाद सामान भी उतार दिया.

उसके बाद ड्राइवर बस को आगे बढ़ा कर टोल प्लाजा तक ले आया. मगर, टोल प्लाजा के पास आग बुझाने की व्यवस्था न होने से बस तेजी जलने लगी. टोल प्लाजा के पास कोई फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं थी. मौके पर पहुंची काकोरी पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी. इस पर करीब 50 मिनट बाद फायर की तीन गाड़िया पहुंची. फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

इंस्पेक्टर सतीश राठौर ने बताया कि हादसे में कोई भी जन हानि नहीं हुई. बस ड्राइवर समेत सभी सवारी सुरक्षित है. सवारियों को दूसरी बस बुला कर भेज दिया गया है. आग लगने की कारणों को भी पता किया जा रहा है.