आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया गया और VIP प्रमुख मुकेश सहनी को महागठबंधन का उपमुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया गया।
पटना – बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच दिन था गुरुवार (23 अक्टूबर 2025) का और काफी समय से चल रहे मतभेद के बाद अचानक महागठबंधन ने बड़ा ऐलान कर दिया।ये ऐसे वक्त में हुआ और ऐसे पद के लिए हुआ जिसके लिए महागठबंधन के सभी सहयोगी दल कई दिनों से असमंजस में थे, क्योंकि बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी सीटों की संख्या को लेकर सभी पार्टियां एक दूसरे से नाराज चल रही थीं और खींचतान जारी थी। लेकिन रार के बाद अचानक प्यार उमड़ा और ऐसा उमड़ा कि गठबंधन दल का नेता चुन लिया गया और इतना ही नहीं, डिप्टी सीएम के फेस पर भी मुहर लग गई और सब हैप्पी हैप्पी हो गया।
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया। विपक्षी गठबंधन के सभी सहयोगी दलों की उपस्थिति में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि यह निर्णय उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की सहमति से लिया गया है।
गहलोत ने यह भी बताया कि यदि ‘इंडिया’ गठबंधन (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) की सरकार बनती है तो विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी एक उपमुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि सहनी के साथ पिछड़े वर्ग से आने वाले एक अन्य नेता को भी उपमुख्यमंत्री पद दिया जाएगा।






