एडीजीपी वाई पूरण कुमार ने 7 अक्तूबर को सेक्टर-11 स्थित अपने घर पर खुद को गोली मार ली थी। नाैंवे दिन वाई पूरण कुमार के शव का पोस्टमार्टम हुआ। वहीं शाम को चंडीगढ़ के सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया।
चंडीगढ़ – हरियाणा के आईपीएस अधिकारी एडीजीपी वाई पूरण कुमार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। चंडीगढ़ के सेक्टर-25 के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। एडीजीपी की बेटियों ने पिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान श्मशान घाट के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात रहे। एडीजीपी के अंतिम संस्कार में हरियाणा सरकार के ब्यूरोक्रेसी से राजेश खुल्लर, सुधीर राजपाल, पंकज गुप्ता, डीजीपी ओपी सिंह, आईपीएस मोहम्मद अकील, एडीजीपी आलोक मित्तल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे।
इससे पहले पीजीआई में उनके शव का पोस्टमार्टम किया गया। लगभग चार घंटे तक पोस्टमार्टम चला। उसके बाद शव को सेक्टर-24 स्थित सरकारी आवास पर लाया गया। सेक्टर 25 क्रिमेशन ग्राउंड में एडीजीपी वाई पूरण कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। आईएएस पंकज अग्रवाल और आईएएस राज नारायण कौशिक सेक्टर-24 पहुंचे थे।
पीजीआई चंडीगढ़ की तरफ से कहा गया है कि हरियाणा कैडर के आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार का पोस्टमार्टम विधिवत गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट विशेष जांच दल (एसआईटी) के जांच अधिकारी को सौंपी जाएगी। पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। एडीजीपी आत्महत्या मामले में नौ दिन बाद हरियाणा सरकार ने भी राहत की सांस ली है।






