रायपुर – राजधानी स्थित ट्रिपल आईटी में एआई की मदद से युवतियों की अश्लील तस्वीरें बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना के बाद रायपुर पुलिस भी एक्टिव हो गई है। इसी कड़ी में पुलिस की टीम आज ट्रिपल आईटी के निदेशक ओपी व्यास के दफ्तर पहुंची और प्रकरण के संबंध में उनसे जानकारी ली। पुलिस की टीम में थाना प्रभारी समेत 4 सदस्य शामिल है।
छात्राओं को सता रहा डर
छात्राओं ने बताया छात्र ने अपनी कक्षा की 36 छात्राओं की फोटो लेकर फेक कंटेंट और वीडियो तैयार किया है, जो उसके लैपटॉप और मोबाइल में मिला है. छात्राओं को डर है कि उसने किसी को ये फेक फोटो या वीडियो शेयर तो नहीं किया है, या फिर किसी सोशल मीडिया साइट या एप पर अपलोड तो नहीं किया है.
गंभीर और संवेदनशील मसला – डॉ. व्यास
ट्रिपल आईटी के डायरेक्टर डॉ. ओमप्रकाश व्यास ने बताया कि छात्राओं की शिकायत पर महिला स्टाफ ने तुरंत छात्र के कमरे की तलाशी ली. उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिया गया है. मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई गई है, जो तकनीकी जांच के साथ अन्य पहलुओं पर भी काम कर रही है. यह गंभीर और संवेदनशील मसला है, इसलिए पूरी संवेदनशीलता और बारीकी से जांच की जा रही है.






