Home देश ‘मैं डिप्टी सीएम पक्का हूं’ बिहार में कांग्रेस को ठन-ठन गोपाल थमाने...

‘मैं डिप्टी सीएम पक्का हूं’ बिहार में कांग्रेस को ठन-ठन गोपाल थमाने का हो गया इंतजाम!

52
0
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की घोषणा होने के साथ ही दावों का दौर शुरू हो चुका है। वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने दावा किया है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। साथ ही उस सरकार में वह डिप्टी सीएम बनेंगे।
पटना – बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की घोषणा होने के साथ ही तमाम राजनीतिक दल अपने-अपने हिसाब से दावे करने लगे हैं। चुनाव की घोषणा होने के साथ ही महागठबंधन के घटक दल वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी ने एक बार फिर अपने दावे को दोहराते हुए कहा कि वह बिहार के अगले डिप्टी सीएम बनने जा रहे हैं।
हमारे सहयोगी न्यूज चैनल न्यूज 18 इंडिया से बातचीत में मुकेश सहनी ने कहा कि वह बिहार में बनने वाली अगली सरकार में डिप्टी सीएम बनने जा रहे हैं। पूरे आत्मविश्वास के साथ मुकेश सहनी ने कहा कि बिहार का ‘सन ऑफ मल्लाह’ डिप्टी सीएम बनने जा रहा है।

मुकेश सहनी ने दावा किया कि बिहार की जनता महागठबंधन पर भरोसा जताने जा रही है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में कहीं कोई कंफ्यूजन नहीं है। रिजल्ट आने के बाद तेजस्वी यादव ही महागठबंधन की सरकार में मुख्यमंत्री बनेंगे और वह डिप्टी सीएम बनेंगे।
मुकेश सहनी ने कहा कि वह हल्की बात नहीं करते हैं। गठबंधन के बीच ये सारे बातें फाइनल हो चुकी है, इसलिए वह डिप्टी सीएम का पद मिलने का दावा कर रहे हैं।
कांग्रेस को ठन-ठन गोपाल!
मुकेश सहनी ने जब पूछा गया कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री और आप डिप्टी सीएम बन जाएंगे तो कांग्रेस को क्या देंगे? इसपर सहनी ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है। केंद्र में जब सरकार बनेगी तो उनकी चलेगी। बिहार में भी वह सहयोगी हैं। सब लोग मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। गठबंधन के भीतर कांग्रेस अपने लिया अपने हिसाब से बात रखें, उन्हें ऐसा करने से कभी नहीं रोका गया है। मुकेश सहनी से जब पूछा गया कि क्या महागठबंधन की सरकार बनने पर दो डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है? इसपर उन्होंने कहा कि गठबंधन के अंदर इस विषय पर बातचीत होगी। कांग्रेस अपने स्तर से अपनी बात रखे।

मुकेश सहनी ने बीजेपी को भी दे दिया ऑफर

न्यूज 18 इंडिया के स्क्रिन पर मौजूदा डिप्टी सीएम विजय सिन्हा को देखकर मुकेश सहनी ने उन्हें भी ऑफर दे दिया। मुकेश सहनी ने कहा कि मल्लाह समाज ने भगवान राम को नदी पार कराया था। इसके बदले में भगवान राम ने मल्लाह समाज को राजा बनाने का वचन दिया था। बीजेपी अगर सच में भगवान राम को मानती है तो उसे सन ऑफ मल्लाह के बेटे को सत्ता तक पहुंचाने की हिम्मत दिखानी चाहिए।
बता दें कि बिहार में दो चरणों 6 और 11 नवंबर को सभी 243 सीटों पर वोटिंग कराए जाएंगे। 14 नवंबर को वोटों की गिनती होगी और उसी दिन शाम तक रिज्लट आएंगे।