Surya Grahan – आज साल 2025 का अंतिम सूर्य ग्रहण लगने वाला है. यह एक आंशिक सूर्य ग्रहण होने वाला है, जो भारतीय समयानुसार रात 10 बजकर 59 मिनट से शुरू होगा और 22 सितंबर को तड़के 3 बजकर 32 मिनट तक रहेगा. इस सूर्य ग्रहण की कुल अवधि 4 घंटे 24 मिनट रहने वाली है. यह ग्रहण कन्या राशि और उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र में लगने जा रहा है. सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा इसलिए इस ग्रहण का सूतक काल मान्य नहीं होगा लेकिन ग्रहण से जुड़े से सभी नियम कायदे लागू होंगे. आइए जानते हैं कि सूर्य ग्रहण लगने में अभी कितना समय बाकी है? सूर्य ग्रहण का प्रारंभ और समापन कब होगा? यह सूर्य ग्रहण कहां-कहां दिखाई देगा?
122 साल बाद सूर्य ग्रहण पर बना अद्भुत संयोग
आज यानी 21 सितंबर की रात लगने वाला सूर्य ग्रहण अद्भुत संयोग में पड़ेगा. बता दें कि, ग्रहण और पितृ पक्ष का संबंध हमेशा से महत्वपूर्ण रहा है. इस बार खास बात यह है कि 122 साल बाद ऐसा संयोग बना है जब पितृ पक्ष की शुरुआत और समापन दोनों ही सूर्य ग्रहण से जुड़े हैं. पिछली बार यह संयोग 1903 में बना था, जब भारत में ऐतिहासिक घटनाएं जैसे बंगाल विभाजन की योजना और कांग्रेस अधिवेशन हुए थे.
आज सूर्य ग्रहण कुल 4 घंटे 24 मिनट का होने वाला है
भारतीय समय के अनुसार, आज ग्रहण की शुरुआत रात 10 बजकर 59 मिनट से होने वाली है. ग्रहण का चरम काल 22 सितंबर को सुबह 1 बजकर 11 मिनट पर होगा. साथ ही ग्रहण का मोक्षकाल 22 सितंबर को सुबह 3 बजकर 23 मिनट पर होगा. इस तरह सूर्य ग्रहण की कुल अवधि 4 घंटे 24 मिनट की होगी.
सूर्य ग्रहण और शारदीय नवरात्रि
यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा इसलिए इस ग्रहण का सूतक काल भी मान्य नहीं होगा. साथ ही ग्रहण के बाद से ही यानी 22 सितंबर से शारदीय नवरात्रि प्रारंभ हो जाएंगे. चूंकि यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा इसलिए इस ग्रहण का प्रभाव नवरात्रि में नहीं पड़ेगा.
अगला सूर्यग्रहण 2 अगस्त 2027 को होगा
आज 21 सितंबर 2025 दिन रविवार, दक्षिणी गोलार्ध के आकाशदर्शी आंशिक सूर्यग्रहण देखेंगे. भारत के लिए, यह ग्रहण क्षितिज के नीचे रहेगा, इसलिए अदृश्य रहेगा. फिर भी इसकी ब्रह्मांडीय सुंदरता हमें प्रेरित करती है. भारतीय पर्यवेक्षकों के लिए धैर्य का फल मिलेगा. बताते चलें कि, भारत से दिखाई देने वाला अगला सूर्यग्रहण 2 अगस्त 2027 को होगा. जब देश के अधिकांश भाग दोपहर और शाम को आकाश में आंशिक सूर्यग्रहण देखेंगे.






