रायपुर – छत्तीसगढ़ के मरीजों और उनके परिजनों के लिए अच्छी खबर है। एनएचएम कर्मचारियों ने हड़ताल को खत्म करने का ऐलान किया है। स्वास्थ्य मंत्री से मिलने के बाद यह घोषणा एनएचएम संघ ने की है। कल से सभी कर्मचारी अपने-अपने काम पर लौट आएंगे।
मालूम हो कि एनएचएम संघ ने आज ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात की थी। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने चेतावनी दी थी कि एनएचएम कर्मचारियों के हड़ताल की वजह से अस्पतला में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को काफी तकलीफ हो रही है। मरीजों और उनके परिजनों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
मंत्री ने साफ कहा कि अगर कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म नहीं की तो वे दो दिनों के अंदर नई भर्ती करना शुरू कर देंगे। मंत्री ने आज शाम तक ही सभी कर्मचारियों को काम पर वापस लौटने का अल्टीमेटम दिया था। मंत्री से मुलाकात के बाद कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है।
जानिए क्या है मांग
एनएचएम कर्मचारी 10 सूत्री मांगो को लेकर पिछले कुछ दिनों से हड़ताल कर रहे थे। ग्रेड पे निर्धारण, अनुकंपा नियुक्ति, महिला कर्मियों के लिए विशेष अवकाश नीति, कर्मचारी का स्थायीकरण, 27% लंबित वेतन वृद्धि, कार्य मूल्यांकन में पारदर्शिता, पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना, संविलियन, ट्रांसफर और 10 लाख रुपये की कैशलेस मेडिकल बीमा की मांग रखी है। फिलहाल अभी उनकी एक भी मांग पर सहमती नहीं बन पाई है।
मुख्यमंत्री साय से मिला NHM कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल, प्रमुख मांगें पूरी होने पर जताया आभार, हड़ताल समाप्त करने के फैसले का सीएम ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी प्रमुख मांगें पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री साय का आभार जताते हुए प्रदेशव्यापी हड़ताल वापस लिए जाने के निर्णय से उन्हें अवगत कराया। मुख्यमंत्री साय को प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कल से प्रदेशभर में एनएचएम कर्मचारी काम पर लौटेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों द्वारा हड़ताल समाप्त किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सराहनीय और राज्यहित में उठाया गया कदम बताया है।
सरकार उनकी जायज़ मांगों के प्रति सदैव संवेदनशील
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हर कर्मचारी को अपने परिवार का हिस्सा मानती है और उनकी जायज़ मांगों के प्रति सदैव संवेदनशील रही है। उन्होंने कहा कि जनता का स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार ने सदैव इस दिशा में ठोस पहल की है।






