सुकमा – थाना चिंतलनार क्षेत्र में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। जिनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। गिरफ्तार नक्सलियों में एक पर सरकार ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। ये सभी नक्सली सुरक्षा बलों को नुकसान पहुँचाने के लिए आईईडी प्लांट करने की तैयारी में लगे हुए थे। हालांकि पुलिस ने समय रहते इनके नापाक मंसूबों पर पानी फेर दिया।
कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इसमें फटाका, जिलेटिन रॉड, डेटोनेटर, कोर्डेक्स वायर, बैटरियां और रेडियो सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि इस सामग्री का इस्तेमाल सुरक्षा बलों पर हमला करने के लिए किया जाना था।
गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस और सीआरपीएफ की कई टुकड़ियों ने भाग लिया। अधिकारियों का कहना है कि यह ऑपरेशन नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी सफलता साबित हुआ है।
इससे पहले एक सितंबर को सुकमा के थाना चिंतागुफा क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली थी। ग्राम पेंटापाड़ के पास गश्त और सर्चिंग के दौरान तीन सक्रिय नक्सली विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़े गए थे। ये नक्सली सुरक्षा बलों को नुकसान पहुँचाने की नियत से आईईडी प्लांट करने की तैयारी में थे। गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा गया था।
गिरफ्तार किये गये नक्सलियों के पास से टिफिन बम, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, जिलेटिन रॉड, कोर्डेक्स वायर और पेंसिल सेल बरामद किए गए थे। बरामद सामग्री का वजन लगभग 2 से 3 किलोग्राम बताया गया था। पूछताछ में नक्सलियों ने स्वीकारा कि मौके का फायदा उठाकर विस्फोटक प्लांट करने की योजना बनाई गई थी।
पकड़े गए नक्सलियों की पहचान ग्राम बुर्कलंका के तीन युवकों के रूप में हुई थी। सभी प्रतिबंधित संगठन में मिलिशिया सदस्य के रूप में सक्रिय थे। लंबे समय से इस क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे।






