Home छत्तीसगढ़ मैसेज वायरल करने की धमकी देकर 4.93 लाख की उगाही, आरोपी महिला...

मैसेज वायरल करने की धमकी देकर 4.93 लाख की उगाही, आरोपी महिला गिरफ्तार

43
0

भिलाई नगर – भिलाई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला ने प्रार्थी को झूठे केस में फंसाने और उसके निजी मैसेज वायरल करने की धमकी देकर भारी रकम वसूल ली। मामले की शिकायत मिलने पर भिलाई नगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपिया दुर्गावती देवी सिंह उर्फ दुर्गा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सेक्टर-9, भिलाई निवासी है। उसने भिलाई नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में उसने बताया कि आरोपिया दुर्गा सिंह ने उसे धमकाया कि वह उसके साथ हुई बातचीत और निजी मैसेज उसकी पत्नी व अन्य लोगों को दिखाकर बदनाम कर देगी। इसके साथ ही उसने उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, आरोपिया ने व्हाट्सएप मैसेज और एसएमएस के माध्यम से लगातार मानसिक दबाव बनाते हुए कहा कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी, तो वह खुदकुशी कर लेगी और उसके लिए प्रार्थी को जिम्मेदार ठहराएगी। इस डर और दबाव के चलते पीडि़त ने 7 अगस्त से 15 अगस्त 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 4,93,000 आरोपी महिला को दे दिए।

लिखित शिकायत मिलने पर भिलाई नगर पुलिस ने आरोपिया के खिलाफ सदर धारा के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि आरोपिया ने बार-बार धमकी देकर वादे के अनुसार रकम वसूली है। उसके खिलाफ नोटिस जारी किया गया और बचाव का अवसर दिया गया। लेकिन आरोपी महिला कोई संतोषजनक जवाब या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला ने अपने बयान में यह स्वीकार किया कि उसने प्रार्थी को मानसिक दबाव में डालकर 4.93 लाख रुपए की रकम ऐंठी है। इसके ठोस सबूत मिलने के बाद पुलिस ने 25 अगस्त 2025 को दोपहर लगभग 3.30 बजे उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।