Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में ‘वोट चोरी’ पर सियासत गरम, कांग्रेस ने वोटर लिस्ट खंगालने...

छत्तीसगढ़ में ‘वोट चोरी’ पर सियासत गरम, कांग्रेस ने वोटर लिस्ट खंगालने का अभियान किया तेज

36
0

रायपुर – छत्तीसगढ़ में ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के आरोप और विपक्ष के चुनाव आयोग घेराव के बाद प्रदेश कांग्रेस ने मतदाता सूची का परीक्षण करने का फैसला किया है. पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी चुनाव परिणाम अप्रत्याशित रहे हैं और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की आशंका है. कांग्रेस सोशल मीडिया पर अभियान चला रही है और जल्द ही चुनाव आयोग के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी. पूर्व विधायक विकास उपाध्याय और पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने भी दावा किया कि वोटर लिस्ट में हेरफेर उनकी हार का कारण बनी. वहीं, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राहुल गांधी और दीपक बैज पर पलटवार किया.

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि संदेह की शुरुआत मध्यप्रदेश चुनाव से हुई थी, हरियाणा और महाराष्ट्र में यह और बढ़ा, और छत्तीसगढ़ में तो अप्रत्याशित नतीजे आए. उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी हुई है और चुनाव आयोग को इस पर जवाब देना चाहिए. दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन शुरू करेगी और रणनीति तैयार की जा रही है.
चुनाव आयोग विपक्ष को डिजिटल वोटर लिस्ट नहीं दे रहा
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय का दावा है कि वे इसी हेराफेरी के कारण चुनाव हारे. वे अपने समर्थकों के साथ अपने क्षेत्र में वोटर लिस्ट खंगाल रहे हैं. पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने भी कहा कि उन्हें भरोसा था कि वे जीतेंगे, लेकिन कांग्रेस में गुटबाजी का झूठा माहौल बनाकर खेल किया गया. कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग विपक्ष को डिजिटल वोटर लिस्ट नहीं दे रहा और सीसीटीवी व वीडियो सबूत मिटाए जा रहे हैं. सोशल मीडिया पर कांग्रेस कार्यकर्ता ‘मैं भी वोट चोरी के खिलाफ हूं’ हैशटैग के साथ अभियान चला रहे हैं और राहुल गांधी की डिजिटल वोटर लिस्ट की मांग का समर्थन कर रहे हैं.
कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया पलटवार
वहीं, इस पूरे मामले पर छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पलटवार करते हुए कहा, “राहुल गांधी का दिमाग चोरी हो गया है और दीपक बैज की भी वही स्थिति है.” गौरतलब है कि राहुल गांधी ने हाल ही में वोट चोरी का बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि विपक्षी नेताओं को डराया-धमकाया जा रहा है और चुनाव आयोग भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहा है. अब छत्तीसगढ़ कांग्रेस इस मामले को आंदोलन और सोशल मीडिया कैंपेन के जरिए राज्य में बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में है.