आज रविवार से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया को लेकर बिहार के सासाराम से ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ की शुरुआत कर दी है। इस यात्रा के कार्यक्रम में महागठबंधन के नेताओं का भी जुटान हुआ।
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने रविवार को सासाराम में चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान आयोग ने बड़ी संख्या में जीवित मतदाताओं को मृत घोषित कर सूची से बाहर कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग ने नाम हटाने का जो तरीका अपनाया है, उसमें यह साफ हो गया है कि कई जिंदा लोगों को भी मृत मानकर सूची से बाहर कर दिया गया है।
राजद सांसद मनोज झा ने आयोग को बताया ‘खिलाड़ी’
‘मतदाता अधिकार यात्रा’ में शामिल हुए राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि यह आवाज बिहार के मतदाताओं की है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब ‘अंपायर’ कम और ‘खिलाड़ी’ ज्यादा नजर आ रहा है। झा ने कहा कि जो शुरुआत बिहार से हुई है, वही आगे अन्य राज्यों में भी होगी।
चुनाव आयोग ने दिया जवाब
वहीं, चुनाव आयोग ने विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मतदाता सूची में किसी भी त्रुटि को ‘दावा और आपत्ति’ की अवधि के दौरान ही उठाना चाहिए था। आयोग ने यह भी कहा कि मतदाता सूची राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के साथ साझा की जाती है, ताकि समय रहते किसी भी गड़बड़ी को ठीक किया जा सके।
राहुल गांधी ने पूछा- आखिर भाजपा हर चुनाव कैसे जीत जाती है?

राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव जीतने के चार महीने बाद बीजेपी महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव जीत जाती है। जबकि ओपिनियन पोल हमारे पक्ष में था। हालांकि जब हमने इसकी गहराई से पड़ताल की तो पता चला कि विधानसभा चुनाव से पहले हर विधानसभा क्षेत्र में लाखों वोटर जोड़े गए, जिसकी बदौलत भाजपा चुनाव जीत गई। अब यही कारनामा बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एसआइआर के जरिए बिहार में किया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि आखिर भाजपा हर चुनाव कैसे जीत जाती है?
उन्होंने कहा कि एसआइआर के माध्यम से जो वोट चोरी की जा रही है, उसे हम पूरे बिहार की जनता को दिखाएंगे। राहुल गांधी ने कहा कि यह संविधान और मताधिकार को बचाने की लड़ाई है। हम गरीबों के वोट की चोरी नहीं होने देंगे।
‘मतदाता अधिकार यात्रा’ कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मैं इस मंच से आपको बता रहा हूं कि पूरे देश में विधानसभा और लोकसभा के चुनाव चुराए जा रहे हैं। बीजेपी की ताजा साजिश बिहार में SIR कराने और बिहार के चुनाव भी चुराने की है। हम सब इस मंच पर आपको यह बताने आए हैं कि हम उन्हें यह चुनाव नहीं चुराने देंगे।

‘पीएम मोदी सही मायने में जातिगत जनगणना नहीं करवाने जा रहे’

सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि हम सबसे पहले राहुल गांधी को बिहार से वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत करने के लिए धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के गरीब से गरीब और ताकतवर से ताकतवर व्यक्ति को भी एक वोट देने का अधिकार दिया है, लेकिन भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से इस अधिकार को छीनना चाहती है। चुनाव आयोग यह जान ले कि बिहार लोकतंत्र की जननी है और महागठबंधन लोकतंत्र को समाप्त नहीं होने देगा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के लोग भले गरीब हैं, लेकिन गांव का बच्चा-बच्चा तीखी मिर्च है। उन्होंने बिहार सरकार पर अपनी घोषणाओं को चुराने का भी आरोप लगाया और कहा कि हम ऐसी सरकार देंगे कि बिहार से बेरोजगारी खत्म हो, उद्योग धंधे लगे, चिकित्सा व्यवस्था अच्छी हो, पूरा बिहार शिक्षित बने और कानून का राज हो।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि राहुल गांधी ने उन लोगों को अपने घर बुलाया, जिन्हें चुनाव आयोग ने मृत घोषित कर दिया था और उनके साथ चाय पी। उन्होंने कहा कि आपका वोट सिर्फ चुराया नहीं जा रहा है, इसे लूटा जा रहा है।
मतदाता अधिकार यात्रा कार्यक्रम में राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू और लोहिया हमेशा कहते रहे हैं कि ‘वोट का राज मतलब छोटे का राज’…। भाजपा वाले चुनाव आयोग से वो काम करवा रहे हैं जो वो खुद नहीं कर पा रहे हैं, यानी वो आपसे आपका अधिकार छीन रहे हैं।

गौरतलब है कि रोहतास जिले में लोकसभा की दो सीटें हैं, जबकि विधानसभा की सात सीटें आती है। पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में इन सभी सीटों पर महागठबंधन का ही कब्जा है, जिसे आगामी विधानसभा चुनाव में बरकरार रखने में यह यात्रा काफी फायदेमंद साबित होगी।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कांग्रेस ने शनिवार से ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ की शुरुआत कर दी। इस यात्रा के लिए राहुल गांधी सासाराम पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। खास बात यह रही कि इस मंच पर कांग्रेस के साथ राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महागठबंधन के अन्य दिग्गज नेता भी मौजूद रहे। इससे यात्रा की शुरुआत महागठबंधन की एकजुट ताकत के बड़े प्रदर्शन में तब्दील हो गई।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
राहुल गांधी की इस यात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। सूअरा हवाई अड्डा स्थित जनसभा स्थल पर चारों ओर सख्त निगरानी रखी जा रही है। हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक करीब 115 दंडाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी जा रही है। भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए हेलीपैड और सभा स्थल तक पहुंचने वाले कई मार्गों को अस्थायी रूप से बदल दिया गया है।
महागठबंधन की ताकत का प्रदर्शन
इस जनसभा में मंच पर राहुल गांधी के साथ राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश साहनी सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। एक ही मंच पर इतनी बड़ी संख्या में विपक्षी दलों के दिग्गज नेताओं का आना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन मतदाताओं को एकजुट करने और चुनावी मैदान में पूरी मजबूती से उतरने की तैयारी में है।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने चुनाव आयोग की कथित दलील पर तंज कसा कि मतदाता सूची की त्रुटियों को पिछले चुनावों के दौरान आपत्ति काल में उठाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि यह तो ऐसा हुआ जैसे कोई चोरी मान ले और कहे कि समय पर पकड़ा क्यों नहीं। क्या आपने कभी ऐसी बात सुनी है?साभार अमर उजाला






