विपक्ष चुनाव आयोग पर गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगा रहा है. इस बीच सोमवार को संसद से लेकर चुनाव आयोग के भवन तक विपक्ष का मार्च तय था, लेकिन पुलिस ने इजाजत नहीं दी. विपक्षी सांसद के आगे बढ़ रहे मार्च को पुलिस ने रोका और राहुल गांधी समेत कई सांसदों को हिरासत में लिया है.
नई दिल्ली – देश में इन दिनों वोट चोरी के मामले को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. इसी को लेकर आज विपक्षी सांसद संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकाल रहे हैं. इस बीच, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी सांसदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने सांसदों के मार्च को इलेक्शन कमीशन तक जाने की इजाजत नहीं दी थी. इसके बावजूद विपक्षी सांसद मार्च निकाल रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया है.
वहीं, इलेक्शन कमीशन के बाहर दिल्ली पुलिस के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों की तैनाती की गई है. बैरिकेडिंग करके मार्च को रोका गया. कई सांसद बैरिकेड पर चढ़ गए और कूद गए. अखिलेश यादव बैरिकेड से कूदे. टीएमसी सांसद सागरिका घोष और महुआ मोइत्रा बैरिकेड्स पर चढ़ गईं. बाद में अखिलेश यादव धरने पर बैठ गए. उन्होंने कहा कि पुलिस हमको रोक रही है.







