संभल – थाना बनियाठेर क्षेत्र में आटा गांव के पास तेज गति से आ रही ईओ कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पति पत्नी और तीन वर्षीय बेटी घायल हो गई। जबकि छह माह की मासूम को चोट नहीं आई।
दुर्घटना के बाद मौके पर भीड़ लग गई और पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को टेंपो की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर डाक्टरों ने पिता व पुत्री को मृत घोषित कर दिया।
जिला रामपुर के थाना शाहबाद क्षेत्र के गांव करैथी निवासी गौतम शनिवार की दोपहर को रक्षाबंधन को लेकर बाइक से अपनी ससुराल थाना बहजोई के गांव पंवासा जा रहा था। बाइक पर उसके साथ पत्नी रजनी, तीन वर्षीय बेटी निधि और छह माह की बेटी अग्नि भी थी।
जैसे ही वह थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव आटा के पास मऊ अस्सू मोड़ पर पहुंचा और पंवासा के लिए बाइक मोड़ रहा था, तभी तेज गति से आ रही ईओ कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जबकि टक्कर मारने के बाद चालक ईओ कार को लेकर भाग गया।
टक्कर लगने से बाइक सवार पति पत्नी व दोनों बेटियां घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और आटा चौकी इंचार्ज संदीप शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल ही एक टेंपो की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
जहां पर डाक्टरों ने गौतम, उसकी बेटी निधि को मृत घोषित कर दिया और पत्नी रजनी की हालत गंभीर होने पर उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पिता पुत्र की मृत्यु की जानकारी से पंवासा व करैथी गांव में शोक छा गया और परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए।
पिता पुत्री के शव को देखकर परिवार के लोग बिलख पड़े। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।






