हरिद्वार – उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर क्षेत्र में रविवार को भगदड़ मच जाने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गयी तथा 29 अन्य घायल हो गए. अधिकारियों यह जानकारी दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है.
धामी ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि सुबह नौ बजे भगदड़ की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस व अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया.
उन्होंने बताया कि करीब 35 श्रद्धालुओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया जिनमें से छह श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हो गई है. डोभाल ने बताया कि अन्य लोगों का उपचार किया जा रहा है जिनमें से कुछ की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है . उन्होंने बताया कि मंदिर से करीब 100 मीटर नीचे सीढि.यों के पास अचानक बिजली के करंट की अफवाह फैल गयी और प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि संभवत: इसी वजह से भगदड़ हुई. हालांकि, उन्होंने घटना की विस्तृत जांच की बात कही है. राज्य
आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए श्रद्धालु उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, हरियाणा तथा दिल्ली के निवासी हैं.
एसईओसी के अनुसार मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी आरुष (12), बिहार के अररिया के निवासी शकल देव (18), उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी विक्की सैनी (18), उत्तराखंड के काशीपुर निवासी विपिन सैनी (18), उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के वकील सिंह और उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की शांति के रूप में हुई है. इसने सिंह और शांति के उम्र नहीं बताई.
सावन का महीना होने की वजह से मनसा देवी मंदिर में इन दिनों भारी भीड़ उमड़ी रही है और जिस समय घटना हुई संकरे सीढ.ी मार्ग से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु लगातार मंदिर की ओर जा रहे थे. हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि घटनास्थल बिजली के कई तार टूटे मिले हैं जिससे प्रतीत होता है कि भीड़ की वजह से खुद लोगों ने तार पकड़ कर ऊपर चढ.ने की कोशिश की होगी.
प्रदेश के आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें बेहतर उपचार के लिए ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्वज्ञिान संस्थान (एम्स) रेफर कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि मनसा देवी में हुई घटना की जानकारी के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. एक सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं . धामी ने हरिद्वार के जिलाधिकारी को घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिया और कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भीड़ प्रबंधन व सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की जा रही है.
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर जाने के मार्ग पर भगदड़ मचने के कारण लोगों की मौत से बहुत दुखी हूं. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, मैं उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की सहायता कर रहा है.”
तीर्थयात्रियों की हुई मौत पीड़ादायक – राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर क्षेत्र में मची भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की. राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर के मार्ग में मची भगदड़ में श्रद्धालुओं की मृत्यु होने का समाचार बहुत पीड़ादायक है. मैं सभी शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.”
योगी आदित्यनाथ ने मनसा देवी मंदिर में भगदड़ की घटना पर गहरा दुख जताया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर क्षेत्र में भगदड़ मच जाने से श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख प्रकट किया है. इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उप्र के निवासी मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है.
लखनऊ में जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मृतकों में एक बालक और महिला समेत चार लोग उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर शोक संदेश में कहा, ”उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित श्री मनसा देवी मंदिर मार्ग में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं.” योगी ने अपने पोस्ट में कहा, ”मां मनसा देवी से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु?ख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें. ॐ शांति.”
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना. मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल पहुंचकर वहां भर्ती प्रत्येक घायल के पास जाकर उससे बातचीत की और उनका हाल-चाल जाना. उन्होंने घायल श्रद्धालुओं से हादसे के बारे में भी जानकारी ली. बाद में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताया और कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ितों के साथ है. धामी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं.






