Home छत्तीसगढ़ दुर्ग रेलवे स्टेशन में धर्मांतरण की आशंका पर हंगामा; 2 नन, 1...

दुर्ग रेलवे स्टेशन में धर्मांतरण की आशंका पर हंगामा; 2 नन, 1 युवक और तीन आदिवासी युवती पकड़े गए

39
0

दुर्ग में धर्मांतरण के मुद्दे पर बजरंग दल ने हंगामा किया. 2 नन और 1 युवक पर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया.

दुर्ग – रेलवे स्टेशन में शुक्रवार को उस समय भारी हंगामा हो गया, जब छत्तीसगढ़ बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने धर्मांतरण की आशंका को लेकर जमकर प्रदर्शन किया. स्टेशन परिसर में सैकड़ों की संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंचे और जय श्रीराम के नारे लगाते हुए विरोध जताया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और जीआरपी को मौके पर तैनात किया गया. जीआरपी पुलिस 2 नन और युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना कर रही.

ये है क्या पूरा मामला

दरअसल बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने 2 नन सिस्टर, एक युवक और 3 आदिवासी युवतियों को घेरकर रोक लिया. इनका आरोप था कि युवतियों को बहला-फुसलाकर उत्तर प्रदेश के आगरा ले जाया जा रहा था, जहां उनके धर्मांतरण की योजना थी. तीनों आदिवासी युवतियां नारायणपुर जिले के ग्राम ओरछा की निवासी बताई जा रही हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन लड़कियों की उम्र कम है और इनमें से कोई भी आठवीं कक्षा से आगे की पढ़ाई नहीं की है. इसके साथ ही उनके माता-पिता को भी इसकी जानकारी नहीं थी.

जो युवक पकड़ा गया है, वह पहले भी इस तरह की घटनाओं में संलिप्त रहा है. आदिवासी लड़कियों का धर्म परिवर्तन करा चुका है. राज्य में धर्म परिवर्तन के खिलाफ कठोर कानून तुरंत लागू किया जाए– रवि निगम, छत्तीसगढ़ बजरंग दल पदाधिकारी

मौके पर पहुंची पुलिस

मामले की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो नन, युवक और तीनों युवतियों को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उन्हें किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था.

जरंग दल की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की गई. प्रारंभिक जांच के बाद दो नन और युवक पर धारा 143 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है- राजकुमार, जीआरपी प्रभारी

धर्मांतरण का मुद्दा है लिहाजा प्रशासन भी सतर्क हो गया है और उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई है.