रायपुर – प्रदेशभर में मानसून की अच्छी बारिश हो रही है. अब तक कम वर्षा की मार झेल रहे दुर्ग में 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश हुई है. दुर्ग में 13 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है. उधर, राजधानी रायपुर में सुबह तेज बारिश हुई. स्कूल के लिए निकले कई बच्चे पूरी तरह भीगे. दोपहर और शाम में बारिश हुई. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रायपुर में गुरुवार को भी वर्षा होगी. वहीं मध्य छत्तीसगढ़ में निम्न दाब के प्रभाव से एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होगी. 11 जुलाई से वर्षा की तीव्रता कम होने की संभावना है.
मानसून की सक्रियता से प्रदेश के जिलों में इन दिनों झमाझम बारिश हो रही है. न्यायधानी बिलासपुर में लगातार बारिश के बाद दो दिनों से वर्षा की तीव्रता में थोड़ी कमी आई है परन्तु दिनभर में किसी समय हल्की से मध्यम बौछार प्रतिदिन पड़ रही है. मंगलवार की तरह बुधवार को भी बिलासपुर में पूरे समय धूपछांव की स्थिति रही और दोपहर में थोड़ी-थोड़ी देर के लिए बौछार पड़ी.
9 जुलाई को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सिसय रहा जो सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस कम है. प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रारोड में दर्ज किया गया है. निम्न दाब के प्रभाव से 10 जुलाई को मध्य छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है. 11 जुलाई से वर्षा की तीव्रता कम होने की संभावना है.






