रायपुर – खौली के ग्रामीणों ने जीवटता दिखा अपनी एकजुटता के बल पर शराब दूकान खोलने जगह मुहैय्या नहीं कराया जिसके चलते अभी तक शराब दूकान नहीं खुल पाया है पर इसके बाद भी प्रस्तावित शराब दूकान को न खोलने का प्रशासनिक आदेश जारी न होने से अभी तक ग्रामीण उसी जीवटता के साथ धरना को जारी रखे हुये हैं । बीते 3 दिनों से जारी भारी बारिश के बीच भी ग्रामीण जीवटता से धरना को जारी रखे हुये हैं । आज बुधवार को धरने का पखवाड़ा पूरा हुआ ।
ज्ञातव्य हो कि शराब दूकान खोलने जगह उपलब्ध कराने के इच्छुक ग्रामीणों से निविदा आमंत्रित करने के साथ ही ग्रामीणों ने बीते 25 जून से धरना शुरू कर दिया था । ग्रामीणों की एकजुटता के चलते निविदा डालने के अंतिम दिन 2 जुलाई तक एक भी ग्रामीण ने निविदा नहीं डाला जिसके चलते शराब दूकान नहीं खुल पाया है ।
सशंकित ग्रामीण इस शराब दूकान खोलने के आदेश के निरस्तीकरण आदेश प्रशासन द्वारा जारी किये जाने तक धरना जारी रखने का निर्णय ले इसे जारी रखे हुये हैं । धरने की कमान कमोबेश महिलाओं ने सम्हाल रखी है । भारी बारिश के चलते खेती का काम ठप्प रहने की वजह से आज पुरूषों ने भी धरना में सहभागिता निबाही ।






