बिलासपुर – एक छोटी सी लापरवाही कभी कभी जिंदगी पर बहुत भारी पड़ती है. 14 साल का अंशु गोस्वामी उस लापरवाही का शिकार अपने ही घर में हो गया. 9वीं का छात्र अंशु गोस्वामी अपने घर के पीछे बने कुएं को साफ करने की कोशिश कर रहा था. कुएं को साफ करने के दौरान वो अनबैलेंस होकर कुएं में गिर गया. कुएं में काफी गंदगी जमा थी, जिसकी वजह से अंशु गिरते ही घबरा गया. बेटे को कुएं में गिरते देख पिता कैलाश गोस्वामी ने भी कुएं में छलांग लगा दी.
बेटे को बचाने के लिए पिता ने कुएं में लगाई छलांग
कुएं का पानी खींचने के लिए परिवार ने कुएं के बीचों बीच पंप मशीन लगा रहा था. पंप से कनेक्ट होने वाला लोहे का पाइप भी लगा था. संभावना जताई जा रही है कि या तो चोट लगने से या फिर करंट की चपेट में आने से पिता पुत्र की मौत हुई. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो पाएगी.
25 फीट गहरे कुएं में था 5 फीट पानी
जिस कुएं में गिरने से पिता पुत्र की मौत हुई, उस कुएं की गहराई 25 फीट के करीब थी. कुएं में महज पांच फीट तक ही पानी मौजूद था. मृतक कैलाश गोस्वामी ने पानी की दिक्कत को दूर करने के लिए रिंगनुमा कुएं का निर्माण घर के पीछे करवाया था. कुएं में भारी संख्या में मेंढक जमा हो गए थे. कुएं में जमा मेंढकों को बाहर निकालने की कोशिश मृतक अंशु गोस्वामी कर रहा था. मेंढक निकालने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वो कुएं में गिर गया. बेटे अंशु को बचाने के लिए पिता कैलाश ने कुएं में छलांग लगा दी.
ग्राम ऊनी के रहने वाले 40 साल के कैलाश गोस्वामी ने कुछ दिनों पहले ही घर में रिंगनुमा कुएं का निर्माण कराया था. कुएं की सफाई नहीं होने से उससे बदबू आ रही थी. मृतक बच्चा अंशु कुएं से मेंढकों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहा था. इसी बीच उसका बैलेंस बिगड़ा और वो कुएं में गिर गया. बेटे को बचाने के लिए पिता ने भी कुएं में छलांग लगा दी. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. मौत डूबने से हुई या करंट लगने से ये अभी साफ नहीं है. पीएम रिपोर्ट का हमें इंतजार है- गोपाल सतपथी, थाना प्रभारी, सीपत
हादसे के वक्त मृतक बेटे की मां सो रही थी
जिस वक्त ये हादसा हुआ, उस वक्त घर की मालकिन कमरे में सो रही थी. परिवार वालों के मुताबिक महिला की तबीयत खराब थी और वो घर में लेटी थी. इस वजह से उसे हादसे की जानकारी काफी देर बाद मिली.
पिता पुत्र की मौत से पसरा मातम
बेटे और पिता की एक साथ हुई मौत के बाद इलाके में मातम का माहौल है. बेटे और पति की मौत के बाद महिला सदमें में हैं. इलाके के लोग महिला को सांत्वना देने की कोशिश में लगे हैं. गांव के लोग भी इस दर्दनाक घटना से दुखी हैं.






