नर्मदापुरम – भारतीय रेलवे में तत्काल टिकट को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. बुधवार को रेल मंत्रालय ने कहा है कि अब तत्काल टिकट बुक करने के लिए आधार कार्ड और ओटीपी अनिवार्य होगा. इसके बिना अब तत्काल टिकट बुक नहीं किए जा सकेंगे. गौरतलब है कि तत्काल टिकट बुकिंग में पारदर्शिता, निष्पक्षता और आम यात्रियों को आसानी से तत्काल टिकट उपलब्ध कराने के लिए तत्काल बकिंग प्रक्रिया में ये महत्त्वपूर्ण संशोधन किए गए हैं. ऐसे में देश के साथ-साथ मध्य प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए भी ये गुड न्यूज है.
1 जुलाई 2025 से प्रभावी होंगे तत्काल टिकट के नए नियम
रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया, ” तत्काल योजना के अंतर्गत बुकिंग प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए तीन बड़े बदलाव किए गए हैं. पहला यहा कि 1 जुलाई 2025 से तत्काल टिकट बुकिंग केवल उन्हीं यात्रियों को उपलब्ध होंगी, जो IRCTC की वेबसाइट या अन्य मोबाइल ऐप के माध्यम से अपना आधार कार्ड डालकर लॉगिन करेंगे. इसके अतिरिक्त, 15 जुलाई 2025 से सभी यात्रियों के लिए आधार आधारित ओटीपी प्रमाणीकरण भी अनिवार्य कर दिया जाएगा.”
काउंटर बुकिंग या एजेंट बुकिंग में लगेगा OTP
रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने आगे बताया, ” तत्काल टिकट अब रेलवे के कंप्यूटरीकृत पीआरएस काउंटर या अधिकृत एजेंटों के माध्यम से भी तभी बुक किए जा सकेंगे जब यात्री द्वारा दर्ज मोबाइल नंबर पर भेजे गए सिस्टम जनरेटेड ओटीपी का सत्यापन किया जाएगा. यह नियम भी 15 जुलाई 2025 से लागू किया जाएगा.”
बुकिंग एजेंट्स आधे घंटे रहेंगे बैन
रेल मंत्रालय की ओर से तीसरा बड़ा बदलाव बुकिंग एजेंट्स पर नकेल कसने के लिए हैं. इसके तहत अब रेलवे के अधिकृत टिकटिंग एजेंट भी तत्काल टिकट बुकिंग के पहले तीस मिनट (वातानुकूलित क्लास के लिए 10:00 से 10:30 बजे तक और गैर-वातानुकूलित क्लास के लिए 11:00 से 11:30 बजे तक) टिकट नहीं बुक कर सकेंगे. इस कदम का उद्देश्य आम यात्रियों को पहले अवसर प्रदान करना है जिससे टिकट दलालों पर अंकुश लगाया जा सके.”
रेलवे ने इन नियमों को लेकर यात्रियों से अपील की है कि वे इन्हें अच्छी तरह से समझ लें और इसका पालन कर रेलवे का सहयोग करें.






