छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र) – किसी को उपहार के तौर पर कीमती सामान देना कोई नई बात नहीं है. लेकिन, जब गिफ्ट की कीमत करोड़ों रुपये हो और देने-लेनेवाले में किसी भी तरह का न तो कोई संबंध हो न ही बराबरी की स्थिति तो सवाल उठना स्वाभाविक है. पूर्ववर्ती हैदराबाद के निजाम से नजदीकी संबंध रखने वाले एक परिवार के वंशज ने शिवसेना सांसद के ड्राइवर को तकरीबन 150 करोड़ रुपये मूल्य की तीन एकड़ जमीन गिफ्ट की है. इसकी शिकायत मिलने के बाद संबंधित ड्राइवर और सांसद के विधायक बेटे से पूछताछ की गई है. आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की टीम इस बात का पता लगाने में जुटी है कि गिफ्ट देने और लेने वाले में दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है, फिर भी एक ड्राइवर को प्राइम लोकेशन पर तीन एकड़ जमीन उपहार के तौर पर क्यों दी गई?
दरअसल, 150 करोड़ रुपये की जमीन गिफ्ट देने का मामला हैदराबाद के फेमस सालार जंग फैमिली और शिवसेना सांसद संदीपनराव भुमरे के ड्राइवर जावेद रसूल शेख से जुड़ा है. रसूल शेख सांसद के साथ ही उनके विधायक बेटे विलास भुमरे से पिछले 13 साल से जुड़े हैं. एक ड्राइवर की किस्मत का ताला अविश्वसनीय तरीके से खुलने से हर कोई भौंचक्का है. बता दें कि सालार जंग पूर्ववर्ती हैदराबाद के निजाम के काल में दीवान थे. सालार जंग परिवार की काफी प्रतिष्ठा है. इस बाबत शिकायत मिलने पर EOW ने मामले की जांच शुरू की है. इस गिफ्ट डीड (हिबानामा) पर सालार जंग परिवार से ताल्लुक रखने वाले मीर मजहर अली खान और उनके 6 अन्य संबंधियों ने हस्ताक्षर किए हैं. हालांकि, इन लोगों ने EOW की ओर से जारी नोटिस का अभी तक जवाब नहीं दिया है. उनसे अपना बयान दर्ज करवाने को कहा गया है. मुजाहिद खान के एक वकील ने इस बाबत शिकायत की थी, जिसके बाद जांच शुरू की गई है.
क्यों हुआ संदेह
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, हैदराबाद के प्रतिष्ठित सालार जंग परिवार द्वारा महाराष्ट्र में स्थित लगभग 150 करोड़ रुपये मूल्य की तीन एकड़ ज़मीन शिवसेना सांसद संदीपनराव भुमरे के ड्राइवर के नाम गिफ्ट किए जाने के मामले ने सियासी और प्रशासनिक हलकों में खलबली मचा दी है. यह मामला तब सुर्खियों में आया जब छत्रपति संभाजीनगर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को एक वकील की शिकायत मिली कि सांसद के ड्राइवर जावेद रसूल शेख के नाम हिबानामा (गिफ्ट डीड) के जरिए कीमती ज़मीन ट्रांसफर कर दी गई है. जांच अधिकारियों के अनुसार, यह ज़मीन संभाजीनगर के दौलतपुरा इलाके में जलना रोड पर स्थित है और इसे प्राइम लोकेशन माना जाता है. ड्राइवर जावेद सांसद संदीपनराव भुमरे और उनके विधायक बेटे विलास भुमरे से तकरीबन 13 साल से जुड़े हैं.






