बलरामपुर – छत्तीसगढ़ में अजीब तरह की घटना सामने आई है। दरअसल, बलरामपुर जिले के सामुदायिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथनगर में नशे में धुत तीन युवकों ने बवाल मचा दिया। ये तीनों हॉस्पिटल पहुंचे और कंडोम मांगने लगे और उत्पात मचाने लगे। नशेड़ियों ने मेडिकल स्टाफ को धमकाया और कंडोम खोजते हुए दवाओं को फेंक दिया। वे डिलीवरी कक्ष में भी घुस गए। नर्सों के साथ डॉक्टर से भी युवकों ने बदसलूकी की। हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक यह मामला 17 जून 2025 की रात 10.20 बजे की है। इस दौरान तीन युवक एक कार में सवार होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथनगर पहुंचे। नशे में धुत तीनों युवकों ने पहले मेडिसिन रूम में घुसकर दवाओं के डिब्बों में खोजबीन की और दवाओं को डस्टबिन में फेंक दिया। युवकों ने अस्पताल के अलग-अलग कक्षों में घूम-घूमकर चीज़ें तलाशने लगे। एक युवक डिलीवरी कक्ष में घुसा, जहां पहले से ही एक महिला मरीज भर्ती थी।
युवकों ने हॉस्पिटल के कर्मियों से कंडोम मांगा। जब कर्मियों ने बताया कि कंडोम मेडिकल स्टोर में है तो युवकों ने मेडिकल स्टोर का ताला तोड़ने की कोशिश की। हॉस्पिटल स्टाफ की सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना प्रभारी रघुनाथनगर को मामले की सूचना दी। इसके बाद पुलिस पहुंची और तीनों पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार थाने ले गई। इन तीनों से पूछताछ की जा रही है।






