जशपुर – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जिला मुख्यालय जशपुर में हजारों लोगों के साथ योग किया. उन्होंने लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी. सीएम ने कहा कि योग हमारे देश के लिए कोई नई विधा नहीं है. सनातन काल से योग हमारे जीवन में चला आ रहा है. हमारे ऋषि मुनियों ने इसका ईजाद किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व पटल पर योग की महत्ता को स्थापित किया. संयुक्त राष्ट्र महासभा में वर्ष 2014 में आवाज उठाई और इसे विश्व स्तर पर स्वीकृति दिलाई.
उन्होंने आगे कहा, साल 2015 से हर साल 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जा रहा है. हम सब लोगों के लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा सहित 175 देशों में योग की आवाज गूंज रही है. मुख्यमंत्री के साथ जनप्रतिनिधिगण, स्कूलों के बच्चों, आम नागरिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह से योगाभ्यास किया. योग प्रशिक्षक के दौरा चक्र आसन, अर्ध चक्र आसन, कपाल भारती, अनुलोम-विलोम, प्राणायाम, वज्राशन सहित विभिन्न आसन से योगाभ्यास करवाया गया.






