साल्हावास – क्षेत्र के गांव गोरिया के ग्रामीणों ने बुधवार को एथेनॉल प्लांट में बोरिंग के काम को रुकवाया। बुधवार को सुबह साढ़े 9 बजे ग्रामीण बोरिंग करने वाली जगह पर पहुंचे और काम का विरोध किया।

इस मामले में पुलिस ने कंपनी के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को वीरवार को झाड़ली चौकी में बुलाया है। इस दौरान सरपंच अजीत सिंह, धर्मवीर फौजी, बिजेन्द्र सिंह, नवल किशोर, नवीन कुमार, शेर सिंह, वीर सिंह, संजय, राजकुमार, हवा सिंह, पप्पू, रामकिशन, सतीश, कटर सिंह, प्रदीप कुमार व अन्य ग्रामीणों मौजूद रहे।
कोयले की बदबू से लोग पहले ही परेशान
ग्रामीणों ने कहा कि एक तो यहां सेम ग्रस्त की समस्या से लोगों की जमीन बंजर पड़ी रहती है। दूसरी तरफ प्लांट की चिमनी के कोयले की बदबू से लोग परेशान हैं। कोयले की बदबू को यहां की हवा में महसूस किया जा सकता है। इस समस्या का अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है और यदि एथेनॉल प्लांट भी लग गया तो फिर उन्हें नारकीय जीवन जीना पडे़गा और ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को पलायन करना पडे़गा।






