पटना – बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जब एक फूल का गमला भेंट किया तो नीतीश ने उसे स्वीकार करते हुए वही गमला उस अधिकारी के सिर पर रख दिया। नीतीश की इस हरकत से अधिकारी समेत मंच पर मौजूद तमाम लोग हतप्रभ रह गए और झेंपते हुए देखे गए। नीतीश के इस बर्ताव को लेकर राज्य के मुख्य विपक्षी दल आरजेडी ने उनकी ‘मानसिक स्थिति’ पर सवाल उठाए हैं।
यह घटना पटना के एलएन मिश्रा इंस्टीट्यूट में हुई, जहां मुख्यमंत्री ने लगभग 10 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया और 20 नवनियुक्त संकाय सदस्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान जब अतिरिक्त मुख्य सचिव (शिक्षा) एस सिद्धार्थ ने कुमार को एक गमला भेंट किया जिसे लेने के तुरंत बाद कुमार ने उसे उसी अधिकारी के सिर पर रख दिया, जिससे वहां उपस्थित लोग अचंभित रह गए।
एस सिद्धार्थ ने सीएम की हरकत पर झेंपते हुए तुरंत उस गमले को सिर से हटा दिया और वहां से चले गए, इस दौरान वहां मौजूद लोग मुस्कुराने लगे। इस पूरे प्रकरण की एक क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। यह घटना भी मुख्यमंत्री नीतीश की ओर से किए गए असामान्य बर्ताव की घटनाओं की सूची में शामिल हो गई है।
मुख्य विपक्षी दल आरजेडी ने इस लेकर नीतीश की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाए हैं। आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि यह घटना चौंकाने वाली और शर्मनाक है। तिवारी ने दावा किया, ‘‘उनकी गतिविधियां राज्य को शर्मसार कर रही हैं। इससे पता चलता है कि उनका दिमाग उनके नियंत्रण में नहीं है। उन्हें नौकरशाहों का एक समूह नियंत्रित कर रहा है। वह बिहार के अब तक के सबसे कमजोर मुख्यमंत्री हैं।’’






